गंगा स्नान करने पुत्र के साथ जा रही वृद्धा के बाइक सवार बदमाशों ने लूटे कुंडल

फर्रुखाबाद/शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। गंगा स्नान कराने अपनी वृद्ध मां को उसका पुत्र बाइक से ढाई घाट लेकर जा रहा था, तभी रास्ते में बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर वृद्ध के कानों से कुंडल नोच लिये और फरार हो गये। पीडि़ता मां व पुत्र ने मदद के लिए आवाज लगायी और दूर तक पीछा किया, लेकिन कोई उनकी मदद को नहीं आया। जिसके चलते लुटेरे फरार हो गये। फिलहाल इस संबंध में पीडि़ता की ओर से थाना शमशाबाद में पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई।
जानकारी के अनुसार थाना नवाबगंज के ग्राम बसंतपुर की रहने वाली ६५ वर्षीय नन्ही देवी पूर्णिमा पर्व पर गंगा स्नान करने के लिए ढाई घाट अपने पुत्र देशराज के साथ बाइक से जा रही थी। जैसे ही वह शमशाबाद क्षेत्र बिरिय डाडा के पास पहुंची, तभी अपाचे सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक कर उनकी बाइक के आगे अपनी बाइक लगा दी। जिससे नन्ही देवी के पुत्र को बाइक रोकनी पड़ी। वह कुछ समझ पाते तब तक बदमाशों ने उनकी मां के कानों से कुंडल नोच लिये और बाइक से कायमगंज की ओर भाग गये। पीडि़ता व उसके पुत्र ने मदद के लिए आवाज लगायी और कुछ दूर तक पीछा किया, लेकिन तब तक वह काफी दूर निकल गये थे। पुत्र ने ढाई घाट पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी पिता रामप्रकाश को दी। पुत्र के अनुसार उसके पिता ढाई घाट गंगा नदी पर झोपड़ी डालकर रह रहे है। पीडि़ता ने बताया कि कुंडल की कीमत ४० हजार रुपये है। फिलहाल पीडि़त परिवार की ओर से अभी तक थाना शमशाबाद पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई। वहीं थानाध्यक्ष ने बताया कि इस संदर्भ में अभी तक कोई जानकारी नहीं है और न ही किसी ने शिकायत की है। अगर पीडि़त की ओर से कोई शिकायत आयी है तो जांच की जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *