खेत में शौच करने से मना करने पर दबंगों ने युवक को पीटा

कंपिल, समृद्धि न्यूज। खेत में शौच करने से मना करने पर दबंगों ने एक राय होकर युवक को लाठी-डंडे से पीटकर घायल कर दिया। फरियाद लेकर सिवारा चौकी पहुँचे युवक को पुलिस ने गाली-गलौज कर भगा दिया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव भैंसरी निवासी आशीष कुमार का खेत गाँव के निकट है। उसमें चारा खड़ा है। रविवार सुबह आशीष जानवरों के लिए चारा लेने खेत पर गया था, तभी गाँव का ही एक व्यक्ति खेत में शौच करने आ गया। आशीष ने उसे दूसरे खेत में शौच जाने की बात कही। इतने में वह उग्र होकर गाली-गलौज करने लगा। मना करने पर उसने अपने परिवार के लोगों को बुला लिया। उन्होंने आते ही आशीष पर लाठी-डंडे से हमला बोल दिया। हमलावर घायल युवक को जान से मारने की धमकी देकर चले गये। घायल युवक फरियाद लेकर सिवारा चौकी पहुँचा। वहाँ तहरीर देकर घटना की जानकारी दी। चौकी पुलिस ने फरियादी से ही गाली गलौज कर भगा दिया। जिसके बाद फरियादी कंपिल थाने पहुँचा। थानाध्यक्ष ने मामला संज्ञान में लिया और घायल युवक को इलाज हेतु सीएचसी कायमगंज भेजा। वहीं पूर्ण कार्यवाही का भरोसा दिया। थानाध्यक्ष जितेंद्र चौधरी ने बताया कि तहरीर मिल गई है। आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही की जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *