ट्रांसफार्मर खराब होने से 30 घरों की बिजली गुल, गर्मी में ग्रामीण परेशान

नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव बबना स्थित बिजली घर से जुड़े गांव ककियुली में लगा 25 केवीए विद्युत ट्रांसफार्मर पिछले चार दिन से खराब पड़ा है। ट्रांसफार्मर खराब होने से गांव के लगभग 30 घरों की बिजली पूरी तरह ठप हो गई। जिससे गर्मी में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली न मिलने से लोगों को पीने के पानी तक की समस्या खड़ी हो गयी है। गांव के निवासी सर्वेश सक्सेना, अमर सिंह पाल, अखिलेश यादव, दुर्वेश कटारिया, राजू सक्सेना, भूपेंद्र, बबलू, अजय, मोहन आदि ने बताया कि पिछले चार दिन से ट्रांसफार्मर खराब पड़ा है। इसकी सूचना देने के बाद भी विभागीय लोग नहीं चेत रहे हैं। एक तो गर्मी का मौसम, दूसरे बिजली न आने से उनकी रात की नींद हराम हो गयी है। वह चैन से रात को सो नहीं पा रहे हैं। सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों को हो रही है। मच्छरों के कारण बच्चे सो नहीं पा रहे हैं। ग्रामीणों ने आज तीखे स्वर में कहा कि यदि जल्द ही नया ट्रांसफार्मर नहीं रखा गया, तो वह सडक़ों पर उतरकर बिजली विभाग का घेराव करने को मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *