विलंब से पहुंची एंबुलेंस वह भी एक किलो मीटर पर हो गयी पंचर
दूसरी एक घंटा लेट पहुंची, जब तक युवक की हो गयी मौत
अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। शराबी पति के झगड़ा करने पर गुस्सायी पत्नी के मायके चली गई। जिससे क्षुब्ध पति ने आत्महत्या करने के उद्देश्य से फांसी लगा ली। जानकारी होते ही परिजनों ने आनन-फानन में उसे नीचे उतार लिया, लेकिन उसकी मौत तो तय थी। सूचना पर विलंब से पहुंची एंबुलेंस का एक किलो मीटर पर पहिया पंचर हो गया। दूसरी एंबुलेंस एक घंटा विलंब से पहुंची और युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम अमैयापुर निवासी हेमराज कश्यप का 32 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार शराब पीने का आदी था। शराब पीने को लेकर उसकी पत्नी से कहा सुनी हो गई। पत्नी ने मायके फोन कर अपने पिता को बुला लिया और वह पति के बगैर मर्जी के अपने मायके चली गई। जिससे क्षुब्ध होकर पति सुनील कुमार ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। जानकारी होते ही लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए उसे फांसी के फंदे से उतार लिया। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अमृतपुर मीनेश पचौरी, वरिष्ठ उपनिक्षक रमाशंकर पांचाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवक को चिकित्सक के पास ले जाने की सलाह दी। पिता ने 108 एम्बुलेंस को फोन पर सूचना देकर एम्बुलेंस को बुलाया। विलंब से पहुंची एंबुलेंस 1 किलोमीटर तक चलने के बाद उसका रतनपुर पमारान के बाजार में उसका पहिया पंचर हो गया। 1 घंटे बाद जब दूसरी एंबुलेंस आई इसके बाद उसे राजेपुर चिकित्सालय पहुंचाया गया। जहां सुनील कुमार को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी शिल्पी व पिता हेमराज का रो-रोकर यही कहना था कि यदि समय से एंबुलेंस मेरे पुत्र को इलाज के लिए समय पर पहुंचा देती तो उसकी जान बच जाती। मृतक चार भाइयों में सबसे छोटा था। मृतक के दो संताने हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
