नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। स्वच्छ भारत मिशन को ग्राम पंचायत के केयरटेकर पलीता लगा रहे। लाखों रुपया खर्च करने के बावजूद सामुदायिक शौचालय के ताले नहीं खुल रहे हैं। जिससे पुरुष व महिलायें खेतों में शौच जाने को विवश हैं।
जानकारी के अनुसार नवाबगंज विकासखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत चांदपुर में सरकार द्वारा लाखों रुपया खर्च करके स्वच्छ भारत मिशन के तहत सुलभ शौचालय बनवाये गये थे। जिससे ग्रामीण इनका प्रयोग करें और खुले में शौच न जायें, लेकिन कुछ दिन खुलने के बाद यह शौचालय बंद हो गया। आज इस शौचालय में ताला पड़ा हुआ है। जबकि केयरटेकर प्रतिमा ग्राम पंचायत निधि से ९००० रुपये प्रतिमाह मानदेय पा रही है। ग्रामीणों ने कई बार इस संबंध में खंड विकास अधिकारी से लेकर अन्य अधिकारियों से शिकायतें कीं, लेकिन कोई असर नहीं हुआ। धीरे-धीरे यह शौचालय अपने अस्तित्व खोता जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने कभी भी केयरटेकर प्रतिमा को नहीं देखा है, लेकिन इसके बावजूद उसको मानदेय मिल रहा है। विकास खंड कार्यालय पर एडीओ पंचायत से जब इस बाबत जानकारी की गई, तो उनका फोन नहीं लगा और ना ही उनसे इस बारे में किसी भी प्रकार की वार्ता हो पाई। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से उपरोक्त शौचालय खुलवाये जाने व केयरटेकर के विरुद्ध जांच कर कार्यवाही करने की मांग की है।
वर्षों से बंद है शौचालय, केयरटेकर को मिल रहा मानदेय
