अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। तेज रफ्तार वाहनों की स्थिति सडक़ बनने के बाद कुछ ज्यादा ही खराब हो गई है। वाहन चलाने वाले ड्राइवर या तो नशे की हालत में रहते हैं या फिर अनाड़ी होते हैं। सडक़ के किनारे खड़े बिजली के खंबे उन्हें दिखाई नहीं देते। कभी पुलिया से, तो कभी बिजली के पोलों से टकराकर यह खुद का भी नुकसान करते हैं और बिजली विभाग का भी नुकसान भी कर देते हैं। बीते दिवस मंगलवार देर रात्रि शरीफपुर छिछनी जिला फर्रुखाबाद की बोलेरो ड्राइवर की लापरवाही के चलते 11 हजार लाइन के खंबे से टकरा गई। जिससे खंबा टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया और चालक को भी चोटें आयीं। विद्युत सप्लाई बंद हो गई। सारी रात क्षेत्र में बिजली नहीं आ सकी। सुबह अवर अभियंता और विद्युत कर्मचारियों ने मिलकर टूटे खंबे को हटाया और उसके स्थान पर नया खंबा लगाकर बिजली सप्लाई शुरू की। आए दिन ऐसी घटनाएं होती रहती हैं और बिजली विभाग दुर्घटना करने वाले वाहनों पर कोई कार्रवाई नहीं करता। इसलिए आए दिन इस विभाग को नुकसान उठाना पड़ता है और उपभोक्ताओं को बिजली से महरूम होना पड़ता है। जब कभी वाहनों से हुए नुकसान पर विद्युत विभाग इन तेज रफ्तार वाहनों को पकड़ लेता है तो समझौता के बाद उसे छोड़ दिया जाता है, लेकिन कार्यवाही के नाम पर कुछ नहीं होता। इसीलिए आए दिन ऐसी दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
