फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। माता सावित्रीबाई सेवा समिति के द्वारा जनपद में सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन एक गेस्ट हाउस कायमगंज में सम्पन्न हुआ। सुधीर कुमार व अभिषेक त्रिपाठी के द्वारा माता सावित्रीबाई के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। 11 जोड़ों ने एक दूसरे का हाथ थामा। समिति की कोषाध्यक्ष ज्योति कुशवाहा ने बताया कि समिति समाज में होने वाली फिजूल खर्च को कम करना चाहती है। क्योंकि बहुत सी कन्याओं के पिता बेटी की शादी के लिए कर्ज ले लेते हैं। जिनको बात करते करते उनकी आधी उम्र खर्च हो जाती है। ऐसे सम्मेलन के द्वारा वे अपने बच्चों की शादी करते हैं तो बहुत ही कम खर्चे में हो जाती है और बचे हुए पैसे को वह अपने बच्चों की पढ़ाई पर खर्च कर सकते हैं। कार्यक्रम के संयोजक योगेश कुमार ने बताया कि इस समारोह में अलग-अलग जिला व प्रदेश से 11 जोड़े सम्मिलित हुए हैं। जिसमें एक वर हिमाचल प्रदेश का तथा मैनपुरी, शाहजहांपुर, आगरा, फिरोजाबाद, फर्रुखाबाद, कानपुर तथा अन्य जिलों से भी थे। कार्यक्रम में शादियां न केवल हिंदू धर्म से बल्कि बौद्ध धर्म से भी कराई गई। जिसमें गौतम व श्रद्धा की शादी आकर्षण का केंद्र रही। क्योंकि यह शादी बौद्ध धर्म के रीति रिवाज के अनुसार कराई गई। समिति के अध्यक्ष संजय कुमार कुशवाहा के द्वारा बताया गया कि यह आयोजन केवल जनपद में ही नहीं बल्कि अन्य जिले जैसे फिरोजाबाद, एटा, इटावा जिलों में भी सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन कर रही है। समिति के प्रबंधक राजकुमार राठौर ने समारोह में आए किन्नर समुदाय का माला पहनाकर स्वागत किया। सभी नवदाम्पत्य जोड़ों को आशीर्वाद दिया। राजकुमार राठौर ने बताया कि समिति के द्वारा सभी जोड़ों को घरेलू सामान उपहार स्वरूप तथा शादी का प्रमाण पत्र भी दिया जाता है। समिति की उपाध्यक्ष डॉ0 विपिन कुमार जादौन ने बताया कि समिति 1 वर्ष में चार बार सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित करवाती है। जो की फुलैरा दूज, अखतीज, भडरिया नवमी तथा देवठान आदि पर आयोजित किए जाते हैं। समिति की ओर से जो अगला सम्मेलन है वह देवठान पर आयोजित करवाया जाएगा। अवसर पर बृजेश कुमार, राम दर्शनी, रंजना, सर्वेश कुमार, मीरा, रंजना, बृजेश कुमार, गोपाल आदि लोग मौजूद रहे।
11 नव दांपत्य जोड़ों ने थामा एक दूसरे का हाथ
