संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर लटका मिला महिला का शव

मायके वालों ने लगाया हत्या कर शव लटकाने का आरोप
कंपिल, समृद्धि न्यूज। संदिग्ध परिस्थितियों में महिला का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। मायके वालों ने ससुरालीजनों पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया। पुलिस व फारेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। शव पीएम हेतु भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
क्षेत्र के गांव शाहपुर गंगपुर निवासी संजू उर्फ संजय की तीस वर्षीय पत्नी अंशिका का शव शुक्रवार सुबह घर के कमरे में लगे पाइप से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। संजू पत्नी की मौत की सूचना स्वजनों को देकर घर से फरार हो गया। शव देखकर स्वजनों में चीखपुकार मच गयी। स्वजनों ने मामले की सूचना पुलिस व मृतका के मायके वालों को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। फारेंसिक टीम ने भी घटना स्थल से साक्ष्य एकत्र किए। मौके पर पहुंचे जनपद कासगंज के थाना सिकंदरपुर वैश्य के गांव गुलाल नगला निवासी पिता उदयपाल ने ससुरालीजनों पर बेटी की हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगा हंगामा काटा। मृतका के पिता के अनुसार उन्होंने बेटी की शादी दस बर्ष पूर्व संजू के साथ की थी। शादी के कुछ समय बाद से ही पति शराब पीकर आए दिन बेटी के साथ मारपीट करता था। उसने स्वजनों के साथ मिलकर बेटी की हत्या कर दी। पुलिस के समझाने के बाद स्वजन शांत हुए। पुलिस ने शव पीएम हेतु भेज दिया। मृतका के एक छ: वर्षीय पुत्री साक्षी है। पुलिस मृतका के पति की तलाश कर रही है। मृतका के ससुर राजवीर ने बताया उसका पुत्र शराब के नशे में घर आता था। जिससे दोनों के बीच विवाद होता रहता था। गुरूवार शाम को भी संजू ने अंशिका के साथ मारपीट की थी। एक बार वह अवैध तमंचा रखने में जेल भी जा चुका है। थाना प्रभारी जितेंद्र चौधरी ने बताया तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *