नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। एक सिपाही की मौत के बाद भी क्षेत्र में मिट्टी का अवैध खनन रुकने का नाम नहीं ले रहा है। रात की बात छोड़ो, दिन के उजाले में खनन माफियाओं द्वारा मिट्टी का खनन किया जा रहा है। इसके बाद भी प्रशासन की नींद नहीं टूटी है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के कस्बा तथा आसपास के ग्रामीण इलाकों में खनन माफियाओं द्वारा अवैध खनन जोरों पर किया जा रहा है। इसके बावजूद भी जिला प्रशासन की नींद नहीं टूट रही है। राजस्व विभाग तथा खनन अधिकारी सहित पुलिस विभाग की नाक के नीचे हो रहे खनन से सभी अनभिज्ञ बने हुए हैं। वहीं खनन माफिया अपने कार्य को लगातार अंजाम दे रहे हैं। बताते चलें कि बीते दिनों नवाबगंज थाना क्षेत्र के ही बबना चौकी क्षेत्र में खनन की सूचना पाकर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा था और खनन माफियाओं द्वारा थाने के सिपाही के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया गया था। जिससे सिपाही की मौत हो गयी थी। इससे कुछ दिन तक तो मामला शांत रहा, लेकिन पुन: खनन माफिया सक्रिय हो गये और मिट्टी के अवैध खनन को अंजाम देने लगे। लोगों का कहना है कि आख्रिर इस खनन पर कब लगाम कसेगी।
आखिर कब लगेगी मिट्टी के अवैध खनन पर लगाम
