पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार
गोंडा: जिले में दो आरोपियों ने एक दलित किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। आरोपियों ने मोबाइल दिलाने के बाद किशोरी के साथ गैंगरेप किया। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। थाना कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार पाठक ने सोमवार को बताया कि शहर के एक मोहल्ले की रहने वाली दलित महिला ने दो युवकों पर, अपनी 17 वर्षीय पुत्री को मोबाइल फोन दिलाने के बहाने बुलाकर उसके साथ कार में सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया था।
प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार पाठक ने बताया कि शिकायत के अनुसार, शनिवार की देर शाम दलित महिला अपने पति व पुत्री के साथ किसी कार्यवश अपने रिश्तेदारी में गई थी। वहां पर पंतनगर मोहल्ला निवासी आरिफ और बलरामपुर जिले के नगर कोतवाली थाना क्षेत्र के भगौतीगंज निवासी रिजवान ने उसकी पुत्री को मोबाइल फोन दिलाने का झांसा देकर अपनी कार में बैठा लिया। उसे लेकर वे सर्कुलर रोड पर एक सुनसान स्थान पर ले गए, जहां उसके साथ दोनों ने चलती कार में ही सामूहिक दुष्कर्म किया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि इस बीच कार अनियंत्रित होकर बिजली के एक खंभे से टकरा गई जिसके बाद आरोपी कार को वहीं छोड़कर भाग गये। किसी तरह देर रात घर पहुंची किशोरी ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। मां की तरफ से पुलिस में शिकायत की, निरीक्षक अपराध ने बताया कि महाराजगंज चौकी प्रभारी दिनेश राय ने दोनों आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया।
