पश्चिमी हिमालय से पूर्वोत्तर तक मूसलाधार बारिश

नई दिल्लीः दिल्ली-एनसीआर में पिछले 24 घंटे से रुक-रुककर बारिश लगातार जारी है। इस बीच मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और मध्य प्रदेश में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। इसके लिए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान, चंडीगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी हिमालयी राज्यों से लेकर पूर्वोत्तर भारत के लगभग सभी राज्यों में मूसलाधार बारिश हो रही है। पश्चिम में राजस्थान, मध्य भारत में मध्य प्रदेश और पूर्वी भारत में ओडिशा और झारखंड में भी झमाझम मेघ बरस रहे हैं। देश के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश ने 36 घंटों में 47 लोगों की जान ले ली। इनमें उत्तर प्रदेश में 32, मध्य प्रदेश में 11 और राजस्थान में चार मौतें शामिल हैं। ज्यादातर मौतें दीवार और घर गिरने से हुई हैं। हादसों में 38 लोग घायल भी हुए हैं। वहीं,  उत्तराखंड में बारिश और भूस्खलन के चलते बुरा हाल है। केदारनाथ यात्रा रोक दी गई है और शुक्रवार को प्रदेश में सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया गया है। मौसम विभाग ने अभी तीन दिन और हिमाचल और उत्तराखंड समेत 14 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले तीन दिन उत्तर से लेकर पूर्वोत्तर के राज्यों में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। इन राज्यें में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हिमाचल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड शामिल हैं। आईएमडी ने कहा कि मध्य भारत में बने गहरे कम दबाव के क्षेत्र की वजह से यूपी और उत्तराखंड में भारी बारिश होगी। हरियाणा, मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी इसकी वजह से कुछ क्षेत्रों में भारी बरसात होने की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी मध्य प्रदेश में कई स्थानों पर अचानक बाढ़ आने का खतरा भी है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी दिल्ली-एनसीआर में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक इस दौरान बादल छाए रहेंगे। साथ ही, तेज सतही हवाओं के साथ 25 से 35 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है।

पंजाब से बंगाल तक बारिश
मौसम विभाग ने बताया कि मानसून ट्रफ पश्चिमी कोस्ट गुजरात से लेकर दक्षिणी कर्नाटक से होकर के गुजर रहा है. वहीं, कच्छ के पास अरब सागर में, अमृतसर पंजाब के पास और बांग्लादेश के पास बंगाल की खाड़ी में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बन रहा है. इसके वजह से पंजाब से लेकर के बंगाल की खाड़ी तक के राज्य, जिसमें हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्से आते हैं, यहां पर शुक्रवार को भारी अत्यंत भारी बारिश की संभावना है.

उत्तराखंड में रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए देश के अन्य हिस्सों के लिए पूर्वानुमान जारी किया. उत्तर और मध्य हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. मैसम विभाग ने शुक्रवार को उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. वहीं, मणिपुर, नागालैंड, त्रिपुरा, मेघालय, ओडिशा, दक्षिणी पश्चिम बंगाल और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड, पंजाब-हरियाणा और असम के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *