कायमगंज, समृद्धि न्यूज। भारतीय कृषक एसोसिएशन की पंचायत कार्यालय मोहल्ला जवाहरगंज कायमगंज में प्रताप सिंह गंगवार की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। जिसमें कई समस्याओं को उठाया गया। बैठक का संचालन रागिब हुसैन ने किया।
पंचायत में सर्वसम्मति से कहा गया कि कस्बा कायमगंज में विद्युत आने जाने का कोई समय नहीं है। विद्युत कर्मचारी अवैध वसूली करते हैं। अक्सर सुबह और शाम के समय जब नगर पालिका की पाइप लाइन से पेयजल की आपूर्ति होती है तब शटडाउन ले लेते हैं। इस बाबत जेई को कई बार अवगत कराया गया। जब से जेई आए हैं तब से विद्युत व्यवस्था खराब हो गई है। वहीं कस्बा के अधिकांश विद्युत पोल गिराऊ अवस्था में खड़े हैं। विद्युत लाइनों में इतनी दम नहीं है जो बारिश झेल सकें। लाइन फाल्ट में चली जाती है। उपभोक्ता परेशान हो जाता है। घंटों बिजली नहीं आती है। संविदा पर तैनात मीटर रीडर गलत रीडिंग देते हैं। फिर इसके बाद अवैध वसूली का खेल जेई और एक्सईएन खेलते हैं। दोनों को हटाया जाए। कस्बा कायमगंज की सडक़ें गड्डे में तब्दील हो चुकी हैं। लॉकडाउन में निर्माण हुआ था। निर्माण में भारी भ्रष्टाचार हुआ था। जिसकी जांच कराई जाए। वर्तमान अध्यक्ष भी सडक़ का निर्माण नहीं कराना चाहते हैं। निर्माण कराया जाए। वर्तमान भाजपा सरकार बिना अनुमति के कोई भी धार्मिक आयोजन नहीं करने देती है। हमारी सरकार हमारा देश, फिर भी गुंडाराज, भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी से निजात मिलना कतई मुमकिन नहीं है। जनपद में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। तहसील हो या जिला कलेक्ट्रेट, बिना रिश्वत के कोई काम नहीं होते हैं। गांव भगौतीपुर में नॉन जेड ए जमीन गाटा संख्या 114 पर नेतागिरी, गुंडई, दबंगई के बल पर अवैध कब्जा है। एसडीएम कायमगंज ऐसे भूमाफियाओं पर कार्यवाही नहीं करना चाहता है। यदि उपरोक्त वर्णित समस्याओं को जिलाधिकारी एवं राज्य के मुख्यमंत्री संज्ञान में नहीं लेते हैं तो ऐसे भ्रष्ट अधिकारी कर्मचारियों के पुतले जलाए जाएंगे। जिसके लिए भ्रष्ट अधिकारी कर्मचारी खुद जिम्मेदार होंगे। इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील दुबे, प्रदेश अध्यक्ष रामलाल गुप्ता, प्रदेश महासचिव मुन्नालाल सक्सेन, कानपुर मंडल अध्यक्ष रामवीर, जिला प्रभारी रागिब हुसैन खां, प्रदेश संगठन सचिव प्रताप सिंह गंगवार, जिला मीडिया प्रभारी विनीत कुमार, जिला संगठन मंत्री अमरीश शुक्ला, ब्लाक अध्यक्ष रक्षपाल, प्रदेश अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ बिंदु सिंह गंगवार, शिवराज शाक्य और पप्पू आदि कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
भारतीय कृषक एसोसिएसन की पंचायत में छायी रहीं समस्यायें
