पत्रकार हत्याकांड में लेखपाल सहित 5 आरोपी गिरफ्तार

फतेहपुर जिले में स्थानीय पत्रकार की हत्या में शामिल 5 नामजद आरोपियों को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में अभी 4 नामजद और 6 अज्ञात आरोपी फरार हैं। नगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक तारकेश्वर राय ने बताया कि बुधवार की रात पत्रकार दिलीप सैनी की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में नामजद आरोपियों अंकित तिवारी (25), बबलू उर्फ जितेंद्र पटेल (32), विपिन शर्मा (35), चिक्कन उर्फ आशीष कुमार (33) और राजस्व लेखपाल सुनील राणा को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। अभी 4 नामजद और 6 अज्ञात आरोपी फरार हैं जिन पर गैंगस्टर अधिनियम के तहत कार्रवाई पर विचार किया जा रहा है। पत्रकार दिलीप सैनी की हत्या के मामले में फतेहपुर जिला मुख्यालय में जिला पत्रकार संघ और फतेहपुर प्रेस क्लब से जुड़े पत्रकारों ने सिविल लाइन नवीन मार्केट से कचहरी तक काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।जिला पत्रकार संघ के अध्यक्ष अजय सिंह भदौरिया ने बताया कि पत्रकार दिलीप हत्याकांड के मामले में जिले के सभी पत्रकार एकजुट हैं। मृतक पत्रकार के आश्रितों को 1 करोड़ रुपए मुआवजा देने और उनके छोटे भाई को सरकारी नौकरी दिए जाने के अलावा हत्या के आरोपियों को फांसी की सजा दिए जाने की मांग की गई है।

संपत्ति का विवाद बना हत्या का कारण

पत्रकार की कांस्टेबल पत्नी मनोरमा उर्फ मनु ने नौ नामजद व छह अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने पहले गिरफ्तार किए गए अंकित तिवारी, बब्लू उर्फ जितेंद्र पटेल, चिक्कन उर्फ आशीष विश्वकर्मा, लखीमपुर खीरी के गौरीफंटा थाने के ढकिया निवासी लेखपाल सुनील राणा व शनिवार को गिरफ्तार किए गए विपिन शर्मा को जेल भेज दिया। एसपी धवल जायसवाल ने बताया कि तीन से चार स्थानों की संपत्ति का विवाद सामने आया है। करोड़ों के लेनदेन में लेखपाल भी शामिल था। उसकी बेनामी संपत्ति की जांच के साथ ही सभी हत्यारोपितों पर गैंगस्टर की कार्रवाई भी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *