शहर तथा ग्रामीण क्षेत्र के दर्जनों गांव में रहा अंधेरे का साम्राज्य
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। पिछले कई दिनों से सर्दी का प्रकोप जारी है। सर्दी के प्रभाव से जहां एक ओर आम जनमानस को बेहाल देखा गया। ऐसे हालातों में सर्द मौसम ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। ठंडी हवाओं के बीच रिमझिम बरसात आम जन मानस के साथ बच्चों बूढ़ों के लिए काफी कष्टकारी रही। मुश्किलें तब और बढ़ गईं जब मध्यरात्रि के करीब बेमौसम बारिश शुरू हो गई और फिर अचानक विद्युत व्यवस्था ध्वस्त हो गई। बताया गया है रात्रि गुजरने के बाद पूरे दिन बिजली नहीं आई। इस संबंध में जब शमशाबाद विद्युत केंद्र के संविदा कर्मचारियों से जानकारी की गई तो संविदा कर्मी सलीम खाँ ने बताया ग्राम ममापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास 33000 की विद्युत लाइन का केबिल बॉक्स बारिश के चलते जल गया। जिसके चलते शमशाबाद विद्युत उपकेंद्र ठप्प हो गया। साथ ही शहर तथा ग्रामीण क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था ठप्प हो गई। उन्होंने बताया अचानक ठप्प हुई बिजली की व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए संविदा कर्मचारियों द्वारा पेट्रोलिंग की गई। पेट्रोलिंग के दौरान ममापुर रेलवे क्रॉसिंग के निकट केबिल बॉक्स में फॉल्ट पाया गया। जिसे कर्मचारियों द्वारा ठीक किए जाने का दौर जारी था। मालूम रहे शमशाबाद विद्युत उपकेंद्र से तीन फीडर जुड़े हैं। लगभग एक सैकड़ा ग्रामीण क्षेत्र के विद्युत उपभोक्ताओं के घर रोशन होते हैं। लोग विद्युत आपूर्ति ठप्प हो जाने के बाद तरह-तरह की चर्चायें करते हुए नजर आए। वहीं समाचार लिखे जाने तक शमसाबाद शहर तथा ग्रामीण क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था बहाल नहीं हो सकी थी।
सर्दी के मौसम में बेमौसम बरसात से विद्युत व्यवस्था लडख़ड़ाई
