मेला रामनगरिया में बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर किया मंत्रमुग्ध

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। डीएसबीडी पब्लिक स्कूल के बच्चों द्वारा मेला श्रीरामनगरिया के सांस्कृतिक पांडाल में देशभक्ति एवं आध्यात्मिक गीतों पर सुंदर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक नरेंद्र पाल सिंह, विशिष्ट अतिथि प्रधानाचार्य अनिल सिंह गहरवार, अति विशिष्ट अतिथि गांधी विचार मंच के संस्थापक दिनेश प्रकाश सिंह अन्नू एवं सम्मानित अतिथि के रूप में जिला स्काउट मास्टर सुधार कुशवाहा रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला गाइड कैप्टन भारती मिश्रा ने किया। प्रधानाचार्य विभोर सोमवंशी ने बताया कि यह तैयारी सिर्फ एक दिन में बच्चों ने की है। छात्रा नित्य, अभिलाषा, ज्योति, सूरज, आकांक्षा आदि ने विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर आधारित शिक्षाप्रद नाटकों की प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। वाल विवाह नाटक का मंचन जब बच्चों ने किया तो वहां बैठे समस्त श्रोतागणों के आंखों से आंसू आ गए। विशिष्ट अतिथि अनिल सिंह गहरवार ने विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए बताया कि आज बच्चों को जरूरत है संस्कारित होने की जो कि हमारा डीएसबीडी विद्यालय के बच्चों में उनकी प्रतिभाओं के माध्यम से दिखाई पड़ रहे हैं। चेयरमैन वैभव सोमवंशी ने बताया कि हमारी संस्था निरंतर बच्चों को ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रमो में अपनी सहभागिता दिलाने के लिए प्रयासरत रहती है, जिससे बच्चों के अंदर अपनी संस्कृति, अपनी सभ्यता के प्रति हमेशा समर्पण भाव रहे। वहीं अतिविशिष्ट अतिथि दिनेश प्रकाश सिंह अन्नू ने बताया कि यदि देश का विकास संभव है तो सिर्फ शिक्षा से। आज यदि हमारे बच्चे पढ़े लिखे होंगे तो किसी भी समाज में बैठने में कही भी बोलने में बच्चों को परेशानी महसूस नहीं होगी। जिला स्काउट मास्टर सुधार कुशवाहा ने बताया कि इन बच्चों को जल्द ही स्काउट ट्रेनिंग के माध्यम में इनमें और निपुणता लाने का प्रयास करेंगे। प्रधानाचार्य विभोर सोमवंशी ने बताया कि हमारे विद्यालय के बच्चे फिल्मी और फूहड़ गानों पर कभी भी अपनी प्रस्तुति नहीं देते हैं। ये उन बच्चों के अभिभावकों के लिए गर्व की बात है जो आज भी अपनी संस्कृति, अपनी सभ्यता, अपने पूर्व संस्कार अपने अंदर समाहित करते हुए चलते हैं। प्रबंधिका साहित्यकार अनुजा सोमवंशी क्षमा ने सभी को सम्मानित किया। जिला गाइड कैप्टन भारती मिश्रा ने बच्चों एवं देशभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न रचनाएं प्रस्तुत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *