उन्नाव, समृद्धि न्यूज। जनपद मे कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बड़ी कार्रवाई की है। बेहटामुजावर थाने के प्रभारी फूल सिंह और अचलगंज के प्रभारी राजेश्वर त्रिपाठी को कार्य में लापरवाही और बढ़ते अपराध के चलते लाइन हाजिर कर दिया है। बेहटामुजावर थाने में तैनात इंस्पेक्टर फूल सिंह के क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं और अपराधियों पर कार्रवाई न होने के कारण उन्हें हटाया गया है। उनकी जगह उपनिरीक्षक मुन्ना कुमार को नया प्रभारी बनाया गया है। वहीं, अचलगंज के इंस्पेक्टर राजेश्वर त्रिपाठी भी चोरी, लूट जैसी घटनाओं को रोकने में विफल रहे। क्षेत्र में बढ़ते अपराध और पुलिस की निष्क्रियता से जनता में आक्रोश बढ़ रहा था। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कर्तव्यों की अनदेखी करने वाले पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
