कैम्प लगाने गयी विद्युत टीम पर हमला, तीन घायल, आठ पर मुकदमा दर्ज

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। विद्युत विभाग द्वारा बकाया राजस्व वसूली कैम्प लगाया गया था। इस दौरान ग्रामीणों से विद्युत कर्मचारियों का विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि ग्रामीणों ने विद्युत कर्मचारियों के साथ मारपीट कर दी। घटना के संबंध में आठ नामजद ग्रामीणों के विरुद्ध थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देना शुुरु कर दी है।
विद्युत विभाग की टीम द्वारा बकाया वसूली के लिए लगाए गए शिविर के दौरान हंगामा हो गया। जब विभागीय कर्मचारियों ने बकायेदारों के कनेक्शन काटने शुरू किए तो ग्रामीणों ने विरोध करते हुए टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान तीन लाइनमैन घायल हो गए, जबकि शिविर में लगे कंप्यूटर, प्रिंटर और अन्य दस्तावेजों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। बिजली विभाग द्वारा फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव दुर्जनपुर में 30 लाख रुपये की बकायेदारी वसूलने के लिए शिविर लगाया गया था। गांव में कुल 160 बिजली कनेक्शन हैं, लेकिन शिविर के दौरान किसी भी बकायेदार ने बिल जमा नहीं किया। शाम होते ही जब विभागीय कर्मचारियों ने कनेक्शन काटने शुरू किए, तो ग्रामीणों ने इसका विरोध करते हुए हंगामा कर दिया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और कुुछ युवकों ने लाइनमैन निरंकार, राजवीर, ब्रह्मानंद और रिंकू पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। स्थिति बिगडऩे पर कुछ कर्मचारियों ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई। हमलावरों ने शिविर में रखे कंप्यूटर, प्रिंटर और अभिलेखों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कराया बचाव

घटना की सूचना मिलते ही उपखंड अधिकारी एसडीओ सुजीत कुमार मौके पर पहुंचे, लेकिन ग्रामीणों ने उनसे भी अभद्रता की। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया, जिसके बाद हालात काबू में आए। फतेहगढ़ कोतवाली प्रभारी सत्यप्रकाश ने बताया कि मामले में आठ ग्रामीणों नीरज यादव, प्रियांशु, हिमांशु, लल्ला बाबू, जेपी, राजू, सोनू और मोहित के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट करने, पथराव करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में तहरीर दी गई है।

पहले भी लगाए जा चुके हैं चार शिविर

एसडीओ सुजीत कुमार ने बताया कि इससे पहले भी गांव में चार बार बकाया वसूली के लिए शिविर लगाया जा चुका है, लेकिन किसी ने भुगतान नहीं किया।् इस बार जब कनेक्शन काटने की कार्रवाई शुरू हुई, तो टीम पर हमला कर दिया गया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बिजली कर्मियों ने आठ नामजद ग्रामीणों के खिलाफ थाने में तहरीर दी। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।

आठ ग्रामीणों पर कई धाराओं में मुकदमा दर्ज

सलेमपुर उपकेंद्र के अवर अभियंता (जेई) हरिओम सिंह की शिकायत पर पुलिस ने आठ ग्रामीणों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी नीरज, प्रियांशु, हिमांशु, लल्ला बाबू, जेपी, राज, सोनू और मोहित पर सरकारी काम में बाधा डालने सहित छह धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

जांच सराह चौकी इंचार्ज को सौंपी गई

घटना की गंभीरता को देखते हुए उपखंड अधिकारी राजेपुर सहित २० से अधिक विद्युत विभाग के कर्मचारी फतेहगढ़ कोतवाली पहुंचे थे। मारपीट में घायल हुए तीन लाइनमैनों का मेडिकल परीक्षण कराया गया। कोतवाल फतेहगढ़ सत्य प्रकाश के अनुसार मामले की जांच सराह चौकी इंचार्ज सुरेंद्र सिंह को सौंपी गई है।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दे रही पुलिस दबिश

पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गांव में लगातार दबिश दे रही है। विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि टीम बकाया बिजली बिल की वसूली के लिए कैंप लगाने गई थी, जहां कुछ ग्रामीणों ने विरोध करते हुए कर्मचारियों के साथ मारपीट कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *