फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। प्रशासन की अनदेखी व पुलिस की मिलीभग से जनपद में हो रहा अवैध खनन रुकने का नाम नहीं ले रहा है। जबकि खनन माफियाओं द्वारा कई घटनाओं को अंजाम दिया जा चुका है, उसके भी अवैध खनन रुकने का नाम नहीं ले रहा है।
जानकारी के अनुसार बुधवार को थाना कादरीगेट क्षेत्र के सटकनापुर में खनन माफियाओं को दिन के उजाले में मिट्टी का अवैध खनन करते देखा गया। जबकि अवैध खनन करने वाले ट्रैक्टर चालक कई दुर्घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। बीते करीब छह माह पूर्व थाना नवाबगंज में अवैध खनन की सूचना पर पहुंचे एक सिपाही पर माफियाओं ने ट्रैक्टर चढ़ा दिया था। जिसकी मौके पर ही मौत हो गयी थी। वहीं बीते दिन शमशाबाद में अवैध मिट्टी खनन की सूचना पर पहुंचे खनन अधिकारी संजय प्रताप सिंह पर खनन माफिया ने ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया। इसके अलावा अन्य कई लोग बेतरतीब दौड़ रहे ट्रैक्टर के नीचे आकर अपनी जान गवां चुके हैं, लेकिन फिर भी मिट्टी के अवैध खनन पर रोक नहीं लग पा रही है। जब खनन माफियाओं से जानकारी की गयी, तो उनका कहना है कि वह पुलिस को महीना बंदी देते हैं, जिससे पुलिस उन पर कोई कार्यवाही नहीं करती है। यह खनन माफिया खनन करने के बाद १५ से २० फिट का गहरा गड्ढा खोद देते हैं। जिससे बरसात में कई लोग इन गड्ढों में डूबकर अपनी जान गवां चुके हैं।
क्या पुलिस की मिलीभगत से नहीं लग पा रही मिट्टी के अवैध खनन पर रोक
