दो युवक गंगा में डूबे, मां को स्टीमर चालक ने बचाया

युवकों का नहीं लगा कोई सुराग, एसपी मौके पर पहुंचे
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। पांचाल घाट पर माता-पिता के साथ गंगा में स्नान करते समय दो युवक डूब गये, हालांकि स्टीमर चालकों ने तत्परता का परिचय देते हुए महिला को निकाल लिया, जबकि युवकों का कोई पता नहीं चला। फिलहाल उनकी तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार गुरुवार को थाना जहानगंज क्षेत्र के ग्राम चौकी महमदपुर निवासी युवक विवेक 18 वर्ष पुत्र अशोक अपने चचेरे भाई मोहित 18 वर्ष पुत्र संतराम अपने माता पिता के साथ गंगा स्नान करने आये थे। गंगा स्नान करने के दौरान अचानक युवक विवेक व चचेरा भाई मोहित व विवेक की मां अन्नपूर्णा डूबने लगे। मां अन्नपूर्ण की चीख पुकार सुनकर मौके पर मौजूद स्टीमर चालक ने तत्परता का परिचय देते हुए महिला अन्नपूर्णा को बचा लिया। जबकि विवेक व मोहित को नहीं बचाया जा सका। वह गंगा में डूब गये। जिससे परिजनों में चीख पुकार मच गयी। घटना की सूचना पुलिस को दी गयी। मौके पर मेला प्रभारी संजय राय, पीएसी तथा कादरीगेट थानाध्यक्ष आमोद कुमार, पांचाल घाट चौकी इंचार्ज मोहित मिश्रा, रजनेश यादव, विवेक कुमार तथा महिला थानाध्यक्ष पूनम अवस्थी मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी को दी गयी। जिस पर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी, सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में गोताखोरों को बुलाकर युवकों की तलाश करवायी गयी, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवकों का कोई सुराग नहीं लगा था। फिलहाल युवकों की तलाश जारी है। परिजन व पुलिस मौके पर डटे हैं। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *