मदिरा एवं भांग की दुकानों के आवंटन के लिए अब तक 53 हजार आवेदन हुए

आबकारी विभाग को प्रोसेसिंग फीस के रूप में मिले 273.85 करोड़ रुपये
समृद्धि न्यूज, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में देशी मदिरा, कम्पोजिट शाप, माडल शाप एवं भांग की फुटकर दुकानों की ई-लाटरी के माध्यम से आवंटन हेतु शुक्रवार 21 फरवरी तक कुल 53491 आवेदन ऑनलाइन मिल चुके हैं और सरकार को इससे 273.85 करोड़ रुपये की प्रोसेसिंग फीस मिली है।
आबकारी आयुक्त आदर्श सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि आबकारी नीति वर्ष 2025-26 के अन्तर्गत प्रदेश की समस्त 27,308 देशी मदिरा, कम्पोजिट शाप, माडल शाप एवं भांग की फुटकर दुकानों की ई-लाटरी हेतु पंजीकरण 14 फरवरी से शुरू किया गया है। 17 फरवरी से पंजीकरण के साथ आवेदन भी आरम्भ किए गए हैं। पंजीकरण तथा आवेदन दोनों ही 27 फरवरी 25 को सायं 05 बजे तक आनलाइन पोर्टल https://exciseelotteryup.upsdc.gov.in/ पर किए जा सकते हैं। लाटरी की सम्पूर्ण प्रक्रिया पूर्ण रूप से आनलाइन हैं और आवेदक के लिए समस्त अभिलेख एवं प्रोसेसिंग फीस आनलाइन ही जमा किये जाने की सुविधा मुहैया कराई गई है। जिसमें भारत का कोई भी नागरिक जिसकी आयु 21 वर्ष से अधिक है, जो अन्य किसी कारण से अनर्ह नहीं है, वो आवेदन कर सकता है। ई-लाटरी आगामी 06 मार्च, 2025 को खोली जाएगी। पारदर्शी रूप से अनुज्ञापियों का चयन आनलाइन पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा। चयनित अनुज्ञापियों को वर्ष 2026-27 में नवीनीकरण का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *