भारत ने पाकिस्तान से लिया 2017 चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में हार का बदला, सेमीफाइनल की दावेदारी हुई मजबूत

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 25 में भारत ने रविवार को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 6 विकेट से हरा दिया। भारत ने सेमीफाइनल में लगभग अपनी जगह बना ली है अगर न्यूजीलैंड 24 फरवरी को होने वाले मुकाबले में बांग्लादेश को हरा देता है। वहीं पाकिस्तान लगातार दूसरा मैच हारकर टूर्नामेंट से लगभग बाहर हो गया है। भारत की जीत के हीरो विराट कोहली रहे, जिन्होंने नाबाद शतक जड़ा। इसी के साथ भारत ने पाकिस्तान से 2017 चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल की हार का बदला पूरा कर लिया है। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में पाकिस्तान ने पहले खेलते हुए 241 रन बनाए थे। 242 रनों के लक्ष्य के साथ भारत ने 45 गेंद शेष रहते इस लक्ष्य को प्राप्त कर लिया।

भारत की पारी
242 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। रोहित आक्रामक खेलने की कोशिश में शाहीन अफरीदी की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। वह 15 गेंद पर तीन चौके और एक छक्के की मदद से 20 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद शुभमन गिल और विराट कोहली ने पारी संभाली। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी निभाई। गिल अर्धशतक से चूक गए। वह 52 गेंद में सात चौके की मदद से 46 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें अबरार अहमद ने क्लीन बोल्ड किया। इसके बाद कोहली के साथ भारत को जीत तक ले जाने की जिम्मेदारी श्रेयस अय्यर ने संभाली। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 114 रन की साझेदारी निभाई। खुशदिल शाह ने श्रेयस अय्यर को इमाम के हाथों कैच कराया। वह 67 गेंद पर पांच चौके और एक छक्के की मदद से 56 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद कोहली ने अक्षर के साथ मिलकर टीम इंडिया को जीत दिलाई।
पाकिस्तान की पारी
इससे पहले पाकिस्तान की टीम 49.4 ओवर में 241 रन पर ऑलआउट हो गई थी। भारत ने वनडे में लगातार पांचवें मैच में विपक्षी टीम को 50 ओवर के अंदर ऑलआउट किया है। भारत की ओर से कुलदीप ने सबसे ज्यादा तीन और हार्दिक पांड्या ने दो विकेट झटके। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान को बाबर आजम और इमाम उल हक ने सधी हुई शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 41 रन की साझेदारी हुई। इस साझेदारी को हार्दिक पांड्या ने तोड़ा। उन्होंने बाबर को विकेटकीपर राहुल के हाथों कैच कराया। वह 26 गेंद पर पांच चौके की मदद से 23 रन बना सके। इसके अगले ही ओवर में इमाम उल हक भी रन आउट हो गए। वह 26 गेंद में 10 रन बना सके। 47 रन पर दो विकेट गिर जाने के बाद सऊद शकील और कप्तान मोहम्मद रिजवान ने पारी संभाली।

दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 104 रन की साझेदारी हुई। इस बीच शकील ने वनडे करियर का चौथा अर्धशतक लगाया। इस साझेदारी को अक्षर पटेल ने तोड़ा। उन्होंने रिजवान को क्लीन बोल्ड किया। वह 77 गेंद में तीन चौके की मदद से 46 रन बनाकर आउट हुए। उनके आउट होते ही फिर से विकेट की झड़ी लग गई। शकील भी 76 गेंद में पांच चौके की मदद से 62 रन बनाकर हार्दिक पांड्या का शिकार बने। तैयब ताहिर चार रन और सलमान अली आगा 19 रन बनाकर आउट हुए। सलमान को कुलदीप और तैयब को जडेजा ने पवेलियन भेजा। शाहीन अफरीदी खाता नहीं खोल सके। नसीम शाह 14 रन और हारिस रऊफ आठ रन बनाकर आउट हुए। हर्षित राणा ने खुशदिल शाह को कोहली के हाथों कैच कराया और पाकिस्तान की पारी समेट दी। खुशदिल ने 39 गेंद में दो छक्के की मदद से 38 रन की पारी खेली। कुलदीप और हार्दिक के अलावा हर्षित राणा, अक्षर और जडेजा को एक-एक विकेट मिला।

विराट कोहली का 82वां शतक

विराट कोहली ने वनडे क्रिकेट में 51वां शतक लगा दिया है. वनडे मैचों में सबसे ज्यादा सेंचुरी लगाने के मामले में विराट पहले ही सबसे आगे निकल चुके हैं. वहीं ये उनकी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 82वीं सेंचुरी है. पाकिस्तान के खिलाफ मैच में विराट ने 111 गेंद में 100 रन की नाबाद पारी खेली. विराट कितने सब्र के साथ खेले, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने अपनी पारी में केवल 7 चौके लगाए. इसी मैच में विराट ने अपने वनडे करियर में 14,000 रन भी पूरे कर लिए हैं.

चैंपियंस ट्रॉफी में भारत-पाकिस्तान आए बराबर

चैंपियंस ट्रॉफी में यह भारत और पाकिस्तान की कुल छठी भिड़ंत थी. इससे पहले दोनों टीम कुल पांच बार आमने-सामने आई थीं, जिनमें से 3 बार पाकिस्तान और केवल 2 बार टीम इंडिया विजयी रही थी. अब चैंपियंस ट्रॉफी की राइवलरी में भारत और पाकिस्तान 3-3 से बराबरी पर आ गए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *