फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। यूपी बोर्ड परीक्षा के प्रथम दिन दूसरे के स्थान पर परीक्षा दे रहे चार मुन्नाभाई व दो युवतियों को पकड़ लिया गया। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर आगे की कार्यवाही की।
जानकारी के अनुसार ग्राम रैसेपुर में स्थित प्रेम विद्यालय इंटर कॉलेज को हाईस्कूल की परीक्षा केंद्र बनाया गया था। 24 फरवरी सोमवार को सुबह 8:30 बजे हिंदी की परीक्षा देने के लिए छात्र-छात्राओं ने विद्यालय में प्रवेश किया तथा अनुक्रमांक के अनुसार अपने-अपने कक्षों में अपनी सीट पर बैठ गए। कुछ समय बाद प्रश्न पत्र बांटा गया तथा परीक्षा भी शुरू हो गई। कुछ देर बाद जब एक कक्ष निरीक्षक ने एक छात्र का प्रवेश पत्र देखा तो प्रवेश पत्र संदिग्ध लगा। जिस पर कक्ष निरीक्षक ने केंद्र व्यवस्थापक लालता प्रसाद, वाह्य केंद्र व्यवस्थापक तेज बहादुर तथा स्टेटिक मजिस्ट्रेट को सूचना दी। सूचना पर पहुंची टीम ने भी कक्षों की गहनता से जांच की। जांच के दौरान अलग-अलग कक्षों से चार मुन्नाभाई व दो युवतियों को पकड़ा गया। टीम ने बताया कि सभी फर्जी तरह से किसी दूसरे छात्र की परीक्षा दे रहे थे। इस दौरान सख्ती से पूछताछ करने पर छह लोगों ने पूरी बात केंद्र व्यवस्था को बतायी। सभी छह छात्र-छात्राओं ने लिखित में प्रार्थना पत्र देकर कबूल किया है कि वह फर्जी तरीके से दूसरे की परीक्षा दे रहे थे। केंद्र व्यवस्थापक को जांच में फर्जी आधार कार्ड भी मिले है। मौके पर मौजूद पुलिस ने छात्र-छात्राओं से पूछताछ की।
शिवानी व रश्मि पाल दे रही थी परीक्षा
टीम ने बताया कि वर्षा शर्मा के स्थान पर फतेहगढ़ निनौआ निवासी संजय की पुत्री शिवानी परीक्षा दे रही थी। वहीं सेजल के स्थान पर फतेहगढ़ के तिर्वा कोठी निवासी राकेश की पुत्री रश्मि पाल परीक्षा दे रही थी।
पकड़े गये मुन्नाभाई: सत्यम, अनुज, प्रांशु, अंकित कुमार
वहीं छात्रों में अनंत सिंह के स्थान पर बुढऩामऊ निवासी रामनिवास का पुत्र सत्यम, आर्यन सिंह के स्थान पर बुढऩामऊ निवासी राकेश कुमार का पुत्र अनुज सिंह, रोहित कुमार के स्थान पर बुढऩामऊ निवासी सुधीर का पुत्र प्रांशु तथा कौशलेंद्र के स्थान पर बुढऩामऊ निवासी रामदास का पुत्र अंकित कुमार परीक्षा दे रहा था।
फर्जी प्रवेश पत्र कोचिंग सेंटर चलाने वाले युवक ने बनाये
सभी छात्र-छात्राएं मानिकमऊ स्थित ज्ञानानंद इंटर कॉलेज छात्र बताये जा रहे हैं। फर्जी आधार कार्ड कोचिंग सेंटर चलाने वाले अनुज यादव द्वारा बनवाए गए थे। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि सभी छात्र-छात्राओं से पूछताछ की जा रही है। आगे की कार्यवाही की जायेगी।
