गोताखोर तलाश में जुटे, शाम को निकाले गये शव
कादरीगेट पुलिस मौके पर पहुंची, की जांच पड़ताल
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। गंगा नहाने गये दो छात्र अचानक गंगा में डूब गये। सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गयी। घटना के करीब 2 घण्टे बाद भी मौके पर कोई प्रशासनिक अधिकारी नहीं पहुंचा। वहीं शाम करीब ४ बजे गोतोखोरों ने दोनों के शवों को खोज निकाला।शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार थाना कादरीगेट क्षेत्र के पांचाल घाट पर कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र के गुरुद्वारा निवासी कक्षा 9 का छात्र आर्यन राठौड़, जगवीर सिंह अपने छोटे भाई सुशांत तथा अपने मित्र शीशमबाग निवासी अंश दिवाकर पुत्र धर्मेंद्र कक्षा 9 अपने छोटे भाई आयुष के साथ गंगा नहाने आया था। आर्यन और अंश दिवाकर पैंटून पुल के पश्चिम की तरफ गंगा नहाने चले गए और उनके छोटे भाई घाट पर बने रहे। कुछ ही देर में आर्यन और अंश गहरे पानी में जाने के चलते गोते खाने लगे। जब तक उनके छोटे भाइयों ने शोर मचाया तब तक काफी देर हो चुकी थी और वह गहरे पानी में डूब गए। सूचना मिलने पर दोनों ही छात्रों के परिजन व थाना कादरीगेट पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। गोताखोरों को लगाकर गंगा में डूबे दोनों छात्रों की खोजबीन की गयी। कड़ी मशक्कत के बाद करीब ४ बजे दोनों के शव खोज लिये गये। शव बाहर आते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बताते चलें कि जहां पर दोनों छात्र डूबे हैं उसके आसपास गहरे पानी के लिए कोई भी चेतावनी झंडी भी नहीं लगी है। घटना के बाद जिला प्रशासन का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।
गंगा नहाने गये दो छात्र डूबे, परिवार में मचा कोहराम
