एलपीजी गैस भरते समय लगी आग से दो स्कूली वैन बनी आग का गोला

मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू
सूचना मिलने पर पहुंचे भाजपा नेता भास्कर दत्त द्विवेदी
यदि बच्चे बैठे होते, तो बड़ा हादसा हो सकता था
अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। अमृतपुर-जरियनपुर मार्ग पर स्थित बृजनाथ सिंह मेमोरियल स्कूल व गेस्ट हाउस में उस समय हडक़ंप मच गया जब स्कूली वैन में गैस की रिफलिंग करते समय अचानक आग लग गई। आग की लपटें देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई और अनहोनी की आशंका से चीख पुकार मच गई।
बताया जा रहा है कि थाना क्षेत्र के कस्बा निवासी अमित सिंह पुत्र सुखलीर सिंह एक ही बिल्डिंग में विद्यालय व गेस्ट हाउस चलाते हैं, लेकिन रविवार की छुट्टी के कारण स्कूल में बच्चे नहीं थे। इस दौरान किसी युवक के द्वारा ओमनी वैन में अवैध तरीके से एलपीजी सिलेंडर रिफिलिंग किया जा रहा था। अचानक आग लगने से भगदड़ मच गई। जब तक ग्रामीण व विद्यालय प्रबंधक संभल पाते तब तक आग ने ओमनी कारों को अपनी चपेट में ले लिया, जो धू-धू कर जलने लगीं। पास में ही रखे दो कूलर और विंडो व दरवाजे भी जल गए। सूचना मिलते ही मौके पर फायर ब्रिगेड पहुंच गयी। जिसके द्वारा आग पर काबू पाया गया। पास में ही पेट्रोल पंप पर पहुंचे पूर्व ब्लाक प्रमुख भास्कर दत्त द्विवेदी ने जब इस घटना के बारे में सुना तो तत्काल ही मौके पर पहुंचे तथा स्कूल प्रबंधन से बातचीत की। स्कूल की गाडिय़ों में आग लगना व अन्य दुर्घटनाओं को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार पहले ही जिले के आला अधिकारियों को सचेत कर चुकी है। ऐसी स्थिति में ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार, गैस सिलेंडर से अवैध रूप द्वारा चलाई जा रही गाडिय़ों की रोकथाम के लिए पुलिस द्वारा चेकिंग की गई थी, परंतु कुछ समय के बाद सब कुछ ठंडा होता चला गया। स्कूली वैन में आग लगना एक बड़ी घटना का संदेश देता है। अगर स्कूली बच्चे इसमें सवार होते और एलपीजी से चलने वाली इन गाडिय़ों में आग लगती तो फिर बड़ा हादसा हो सकता था। ऐसी स्थिति में जिला प्रशासन को चाहिए कि वह स्कूल में चलने वाले उन वाहनों की पड़ताल जरूर करें जिसमें मानक के अनुसार परिवहन नहीं होता। अन्यथा की स्थिति में जिले में चलने वाले तमाम स्कूली अवैध वाहनों से बड़ी दुर्घटना होने से इनकार नहीं किया जा सकता। समय रहते जिला प्रशासन को सचेत होना पड़ेगा और जांच की कार्यवाही को तेज करना होगा जिससे स्कूल में चलाये जाने वाले वाहनों पर बैठकर जाने वाले नोनिहालों का जीवन सुरक्षित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *