पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हुए शातिर बदमाश गिरफ्तार

चार साथी मौके का फायदा उठाकर हुए फरार, पुलिस कर रही तलाश
घायल बदमाश पर दर्ज हैं आधा दर्जन मुकदमे, तमंचा व कारतूस बरामद
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। एसओजी व सर्विलांस टीम एवं कम्पिल थाना पुलिस ने मुठभेड़ में एक शातिर बदमाश को पकड़ लिया। बदमाश के पैर में गोली लगी है, जबकि उसके चार साथी फरार हो गये। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। घायल बदमाश को इलाज के लिए लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाश के ऊपर आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
जानकारी के अनुसार अपर पुलिस अधीक्षक डॉ0 संजय सिंह ने बताया कि ग्राम भैंसरी के पास एसओजी व सर्विलांस टीम, कम्पिल थाना पुलिस के साथ चेकिंग कर रही थी, तभी पांच बदमाश आते हुए दिखे और उन्हें रोकने की कोशिश की। तब बदमाशों द्वारा पुलिस के ऊपर फायरिंग कर दी गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश रॉकी निवासी ग्राम ममापुर कोतवाली कायमगंज के पैर में गोली लग गई। चार बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किया जा रहे हैं। एएसपी ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी स्थिति खतरे से बाहर है। एएसपी ने बताया कि घायल बदमाश के ऊपर लूटपाट, चोरी और मारपीट के आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। घायल बदमाश रॉकी के पास से एक तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस 315 बोर और दो खोखा कारतूस 315 बोर बरामद हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *