गृहमंत्री अमित शाह ने 60,244 सिविल पुलिस कांस्टेबलों को वितरित किये नियुक्ति पत्र

लखनऊ, समृद्धि न्यूज। गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती में चयनित पुलिस कर्मियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किये। अमित शाह व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 15 अभ्यर्थियों को मंच पर अपने हाथ से नियुक्ति पत्र प्रदान किए। शेष अभ्यर्थियों को समारोह स्थल पर ही नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। आरक्षी नागरिक पुलिस में 60,244 पदों पर अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। नव चयनित सिपाहियों में 12048 महिलाएं भी हैं। पहले परीक्षा पेपर लीक होने के कारण रद कर दी गई थी जिसे बाद में दोबारा कराया गया।
अपने संबोधन में केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि आज 60 हज़ार से अधिक युवा भारत के सबसे बड़े पुलिस बल का अभिन्न हिस्सा बनने जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश का पुलिस बल पूरे देश का सबसे बड़ा पुलिस बल है लेकिन कुछ साल तक यहां की कानून व्यवस्था बिगड़ती चली गई थी। उन्होंने कहा कि 2017 में योगी आदित्यनाथ राज्य के मुख्यमंत्री बने और उत्तर प्रदेश पुलिस फिर से नई बुलंदियों को हासिल करने के रास्ते पर आगे बढऩे लगी।
केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में पुलिसबलों के आधुनिकीकरण की शुरूआत हुई, लेकिन उत्तर प्रदेश में यह शुरूआत तीन साल देर से हुई। उन्होंने कहा कि 2014 से 2017 तक भारत सरकार की कोई सुधार प्रक्रिया उत्तर प्रदेश में दिखाई नहीं पड़ती थी, लेकिन 2017 में योगी जी के मुख्यमंत्री बनने के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस में भी सुधार की प्रक्रिया शुरू हो गई। उन्होंने कहा कि इन 60,244 युवाओं में से किसी को भी किसी प्रकार की रिश्वत देनी नहीं पड़ी है और इनकी भर्तियां पूरी पारदर्शिता के साथ हुई हैं। शाह ने कहा कि कुल 48 लाख आवेदनों में से इन 60 हज़ार से अधिक युवाओं का चयन, किसी प्रकार की खर्ची, पर्ची, सिफारिश, जाति के आधार पर और भ्रष्टाचार से नहीं, बल्कि योग्यता के आधार पर हुआ है।
अमित शाह ने कहा कि इन 60 हज़ार से अधिक युवाओं में 12 हज़ार से अधिक बालिकाएं भी हैं। उनका हौंसला और चेहरे पर आत्मविश्वास और आनंद देखकर बहुत सुकून मिलता है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने बालिकाओं और महिलाओं के लिए जिस आरक्षण की व्यवस्था की है, आज उत्तर प्रदेश में उसका शत-प्रतिशत अनुकरण हो रहा है। गृह मंत्री ने कहा कि ये युवा ऐसे समय में उत्तर प्रदेश पुलिस का हिस्सा बन रहे हैं जब राज्य नवनिर्माण की ओर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि 2017 से 2025 की योगी जी की यात्रा और 2014 से 2025 तक प्रधानमंत्री मोदी जी की यात्रा भारत के लिए परिवर्तन का काल है। ये युवा अमृतकाल में यूपी पुलिस से जुडऩे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2047 में हमारा देश दुनिया में हर क्षेत्र में सर्वप्रथम होगा और इसमें हमारे उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा योगदान होगा। शाह ने कहा कि चाहे औद्योगिक क्षेत्र, शिक्षा, कानून व्यवस्था, इन्फ्रास्ट्रक्चर निर्माण हो, या हर गांव और घर तक बिजलीए नल से जल पहुंचाना हो, हर क्षेत्र में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में योगी जी ने सफलतापूर्वक योजनाओं को नीचे तक पहुंचाकर परिवर्तन किया है। उन्होंने कहा कि यूपी को विकसित के साथ-साथ सुरक्षित बनाने का ज़िम्मा अब इन युवाओं का है।
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि पहले जाति के आधार पर भर्तियां होती थी, लेकिन आज तकनीक से सबको ताकत मिली है जिससे पारदर्शिता के साथ इन युवाओं की नियुक्ति हुई है। उन्होंने कहा कि आज कैमरेए कंट्रोल रूम, कमांड सेंटर, पीसीआर-1 और 150 से अधिक ऑन-व्हील फोरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (एफएसएल) यूनिट्स लोगों को न्याय दिलाने के काम में लगे है, जिसे इन युवाओं को आगे ले जाना है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा, सेवा और संवेदनशीलता के मंत्र के साथ इन युवाओं को आगे बढऩा चाहिए। शाह ने कहा कि आज 60 हज़ार से अधिक युवा 4 लाख की संख्या वाले देश के सबसे बड़े पुलिस बल में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुंडों और माफिया के मन में पुलिस का डर होना चाहिए और गरीब, दलित, पिछड़े और आदिवासियों को पुलिसकर्मियों के रूप में मसीहा दिखाई देना चाहिए।

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्रीश्री नरेन्द्र मोदी जी के 11 साल के शासन में देश सुरक्षित हुआ है। उन्होंने कहा कि पहले देश के 11 राज्यों में नक्सलवाद फैला था, जो अब सिर्फ 3 ज़िलों में बचा है। गृह मंत्री ने दोहराया कि 31 मार्च, 2026 तक भारत, नक्सलवाद से पूरी तरह से मुक्त हो जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के शासन में देश में आए दिन आतंकी हमले होते थे। प्रधानमंत्री मोदी जी के शासन में पाकिस्तान ने 3 बार उरी, पुलवामा और पहलगाम में हमले किए।  शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने उरी का जवाब सर्जिकल स्ट्राइक से, पुलवामा का जवाब एयर स्ट्राइक से दिया और पहलगाम के जवाब में ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से आतंकवादियों के मुख्यालय को ध्वस्त कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से पूरी दुनिया में यह संदेश भेजा कि भारतीयों का खून ज़मीन पर बहाने के लिए नहीं है और जो भी ये हिमाकत करेगा उसे सख्त से सख़्त दंड दिया जाएगा। गृह मंत्री ने कहा कि हमारी सेनाओं के वीर जवानों की सटीक मारक क्षमता ने आतंकवादियों के अड्डों को ज़मींदोज़ कर दिया और यह सशक्त भारत की एक नई शुरूआत है।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारत चंद्रमा पर उस स्थान पर पहुंचा जहां दुनिया का कोई नहीं पहुचा था। प्रधानमंत्री मोदी जी ने उस स्थान का नाम शिवशक्ति प्वाइंट रखकर पूरी दुनिया में हमारे देश का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश की मातृशक्ति का सम्मान किया और कई संस्कृतियों को पुनर्जीवित करने का काम किया। शाह ने कहा कि अयोध्या में रामलला विराट मंदिर में विराजमान हो चुके हैं, काशी विश्वनाथ कॉरीडोर बन चुका है, सोमनाथ मंदिर सोने का बनने की शुरूआत हो चुकी है, ट्रिपल तलाक समाप्त हो चुका है और उत्तराखंड को कॉमन सिविल कोड वाला पहला राज्य बनाने का काम भी प्रधानमंत्री मोदी जी के शासन में ही हुआ है। उन्होंने कहा कि वक़्फ़ बोर्ड के नाम पर होने वाले भ्रष्टाचार को सख्त वक़्फ़ कानून बनाकर रोकने का काम प्रधानमंत्री मोदी जी ने किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *