सफाई कर्मचारी को पीटने के मामले में बीडीओ से मिले साथी कर्मचारी

बीडीओ बोले ब्लॉक मिशन मैनेजर पर जल्द होगी कार्यवाही, नोटिस जारी
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। बीते 2 दिन पूर्व ब्लॉककर्मियों के बीच हुई मारपीट के मामले में गुरुवार को विकास खंड अधिकारी से सफाई कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष ने एक दर्जन सफाई कर्मचारियों ने मुलाकात की।
नवाबगंज विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत में सफाई कर्मचारी जो की अधिकारियों के निर्देशन में विकास खंड में कार्य करते हैं। वहीं प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही समूह योजना में ब्लॉक मिशन मैनेजर के पद पर तीन लोगों की नियुक्ति की गई है, जो की सभी संविदा कर्मचारी हैं। ब्लॉक मिशन मैनेजरों व कर्मचारियों के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती है, क्योंकि शाम 4:00 बजने के बाद विकास खंड परिसर में जाम छलकने लगते हैं। चाहे वह सफाई कर्मचारी या ब्लॉक मिशन मैनेजर हो, यहां तक की एक दो बाबू भी जाम छलकाने में आगे रहते हैं। जिसके चलते आए दिन विकास खंड कार्यालय में लड़ाई झगड़े जैसी स्थिति बनी रहती है। इसी बीच दो दिन पहले हुई कहासुनी के बीच बीते 17 जून की शाम सफाई कर्मचारी बिंदा प्रसाद निवासी जनपद बलरामपुर अपनी पत्नी असरानी देवी के साथ सब्जी लेकर जा रहा था, तभी पीडि़त के बताए अनुसार ब्लॉक मिशन मैनेजर के बीच शराब के नशे में कहासुनी हो गई। पीडि़त बिंदा प्रसाद के बताए अनुसार ब्लॉक मिशन मैनेजर इतना नशे में था कि वह आकर सीधे गाली-गलौज करने लगा। जब पीडि़त ने मामले का विरोध किया, तो उक्त आरोपी मारपीट करने लगा। मारपीट के दौरान सफाई कर्मचारी बिंदा प्रसाद के काफी चोटें आयीं। जिसकी शिकायत प्रभारी विकास खंड अधिकारी से की थी। जिस पर उन्होंने सफाई कर्मचारी को न्याय दिलाने का भरोसा दिया था, लेकिन तभी ब्लॉक मिशन मैनेजर थाने पहुंचा और थाना पुलिस से लिखित शिकायत कर अवगत कराया। जिसके चलते थाने से विकास खंड कार्यालय पर फोन आया था। जिस पर पुलिस को घटना से अवगत कराया गया था। पुलिस ने मामले की जांच कर पीडि़त को न्याय दिलाने का भरोसा दिया था, लेकिन खबर लिखे जाने तक पीडि़त के मामले में थाना पुलिस ने कोई भी कार्रवाई नहीं की। जब गुरुवार को विकास खंड अधिकारी सुनील कुमार जायसवाल विकास खंड कार्यालय पर आए, तो सफाई कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष दानवीर सिंह तथा एक दर्जन से अधिक सफाई कर्मचारी तथा पीडि़त बिंदा प्रसाद की पत्नी असरानी देवी ने मामले की शिकायत विकास खंड अधिकारी सुनील जायसवाल से की। जिस पर उन्होंने बताया कि आरोपी के विरुद्ध नोटिस जारी कर दिया गया है। जल्द ही उसके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *