कानपुर: थाना प्रभारी के खिलाफ थाने के बाहर धरने पर बैठी राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला

कानपुर: अकबरपुर कोतवाली के थाना प्रभारी के खिलाफ महिला कल्याण एवं बाल विकास राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला थाने के बाहर अपने कार्यकर्ताओं के साथ गुरुवार को धरने पर बैठ गई। राज्य मंत्री के धरने पर बैठने की सूचना पर लखनऊ तक पुलिस के आलाधिकारियों के बीच हडक़ंप मच गया। आनन-फानन में एसपी अरविंद मिश्रा, डिप्टी एसपी राजेश पांडे सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंच गये और राज्यमंत्री को समझाने का प्रयास किया।

जानकारी के मुताबिक, कार्यकर्ताओं व समर्थकों के खिलाफ मुकदमा लिखे जाने से नाराज राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला गुरुवार दोपहर अकबरपुर थाने में सैकड़ों समर्थकों के साथ पहुंचीं। उन्होंने थाना प्रभारी पर बिना जांच किए फर्जी मुकदमा लिखे जाने के आरोप लगाते हुए उन्हें हटाने और कार्रवाई की मांग करते हुए धरने पर बैठ गईं। सीओ व अन्य अधिकारियों के समझाने के बाद भी वह धरने से नहीं उठीं। इसके बाद राज्यमंत्री ने पूरे मामले की जानकारी डीजीपी को दी। राज्यमंत्री ने बताया कि पुलिस लाइन के पास बदलापुर में उनकी निधि से सडक़ बन रही है। इसमें वहां के सभासद शमशाद ने अभद्रता कर काम रुकवाने का काम किया था। इस पर ठेकेदार ने सभासद पर सरकारी कार्य में बाधा डालने व रंगदारी का मुकदमा लिखाया था। राजनीतिक दबाव में पेशबंदी कराते हुए उनके कार्यकर्ता शिवा पांडेय, समर्थक अबरार, मोहम्मद यूसुफ असलम, यासिर के खिलाफ मुकदमा लिखा गया है, जो पूरा तरह से गलत व झूठा है।

बता दें कि बदलापुर पुलिस लाइन के पीछे सडक़ निर्माण कार्य को लेकर बुधवार को एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया था, यह निर्माण कार्य सथानीय सभासद शमसाद खान द्वारा रुकवा दिया गया था।सूचना मिलते ही राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला खुद मौके पर पहुंची और उन्होंने तत्काल निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराया और पार्षद को भी बात करने के लिए बुलाया। इस दौरान मौके पर मौजूद हाजी अबरार और सभासद के बीच कहासुनी हो गई थी। मामला बिगड़ता देख राज्यमंत्री ने तत्काल चौकी प्रभारी को बुलाकर दोनो पक्षों को शांत कराया था। हालांकि चौकी इंचार्ज ने मंत्री से कहा कि कार्रवाई के लिए उन्हें लिखित आदेश देना होगा। बाद में ठेकेदार की तहरीर पर पुलिस ने पार्षद शमसाद के खिलाफ रंगदारी का मुकदमा दर्ज कर लिया था। वह मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि गुरुवार को एक दलित महिला ने प्रतिभा शुक्ला के पांच समर्थको के खिलाफ एससी एसटी एक्ट के तहत अकबरपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज करा दिया। जिसके बाद नाराज मंत्री ने थाने का घेराव करते हुए धरने पर बैठ गई।

इंस्पेक्टर को हटाने तक जारी रहेगा धरना

मंत्री से धरने पर बैठने का कारण पूछा गया तो उन्होंने कहा कि इंस्पेक्टर को हटाने पर हम धरने पर बैठे हैं। इंस्पेक्टर कोई काम नहीं करता और झूठे केस लिखता है। मैं वहां विकास कार्य कराने में व्यस्त हूं यहां मेरे कार्यकर्ताओं पर झूठे केस लिखे जा रहे हैं ऐसा बिल्कुल नहीं चलेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *