दिव्या देशमुख बनीं शतरंज की वर्ल्ड चैम्पियन, राष्ट्रपति व पीएम ने दी बधाई

समृद्धि न्यूज। दिव्या देशमुख ने सोमवार को ग्रैंडमास्टर और हमवतन कोनेरू हम्पी को हराकर महिला शतरंज विश्व कप का फाइनल मुकाबला जीत लिया। कोनेरू हम्पी के पास वापसी का एक छोटा सा मौका था, लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा सकीं और दिव्या ने काले मोहरों पर एक शानदार जीत दर्ज की।

भारत की युवा चेस प्लेयर दिव्या देशमुख ने महिला चेस वल्र्ड कप 2025 का खिताब जीत लिया है। सिर्फ 19 साल की दिव्या ने जॉर्जिया में हुए इस वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत की ही दिग्गज खिलाड़ी कोनेरू हंपी को शिकस्त देते हुए ये खिताब जीत लिया। इसके साथ ही वो वल्र्ड कप जीतने वाली पहली भारतीय महिला चेस स्टार बन गईं। पिछले साल ही दिव्या ने जूनियर वल्र्ड चैंपियन का खिताब जीता था और अब वो महिला चेस वर्ल्ड कप की चैंपियन भी बन गईं। इतना ही नहीं, इस खिताबी जीत के साथ ही वो अब भारत की चौथी महिला ग्रैंडमास्टर भी बन गई हैं। जॉर्जिया के बाटुमी में पिछले करीब 3 हफ्तों से महिला चेस वर्ल्ड कप का आयोजन हो रहा था, जहां दिव्या देशमुख ने फाइनल में पहुंचकर इतिहास रचा था, फिर उनके बाद भारत की पहली महिला ग्रैंडमास्टर कोनेरू हंपी ने भी फाइनल में पहुंचकर इस खिताबी मुकाबले को खास बना दिया था, इतना तय हो गया था कि जीत चाहे जिसकी भी हो, खिताब भारत के हिस्से में ही आएगा और पहली बार कोई भारतीय महिला चेस वर्ल्ड  कप चैंपियन बनेगी, मगर इस बार युवा जोश के आगे अनुभव को शिकस्त मिली।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दिव्या की इस ऐतिहासिक सफलता पर खुशी जताई और उन्हें शुभकामनायें दी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *