भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष के जाते ही पदाधिकारियों में शुरू हुई मारपीट

दोनों नेताओ के बीच पहले हुई कहासुनी,इसके बाद शुरू हो गई मारपीट

भाजपा नेता महेश अग्रवाल को आई है चोट

बहराइच समृद्धि न्यूज। रिसिया ब्लॉक सभागार में शनिवार को भाजपा मोर्चा सम्मेलन के बाद दो नेताओं में मारपीट शुरू हो गई। जमकर लात घुसे चले। दोनों नेताओं ने एक दूसरे पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। रिसिया ब्लॉक सभागार में शनिवार को भाजपा मोर्चा सम्मेलन का आयोजन हुआ था। जिसके मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य प्रदेश उपाध्यक्ष पदम सेन चौधरी रहे। सम्मेलन के बाद सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता चले गए। पदाधिकारियों के जाने के बाद ब्लॉक कार्यालय के बाहर भाजपा के नेता पूर्व जिला पंचायत सदस्य डॉ राजू निगम और भाजपा नेता महेश अग्रवाल के बीच कहासुनी होने लगी। कहासुनी के दौरान ही दोनों में मारपीट शुरू हो गई। दोनों नेताओं ने जमकर एक दूसरे पर हमला किया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रभारी निरीक्षक शैलेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष ने दोनों पक्ष को समझा-बुझाकर शांत कराया। मारपीट में महेश अग्रवाल को चोट भी लगी है। भाजपा नेता महेश अग्रवाल और पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजू निगम ने एक दूसरे पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष शैलेश कुमार सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा। वही लोगों का कहना है कि मारपीट की वारदात नगर निकाय चुनाव को लेकर हुई है। जिसमें राजू निगम के भाजपा प्रत्याशी को हार मिली थी। जबकि दूसरे के सपोर्ट के प्रत्याशी को जीत मिल गई थी। तभी से खुन्नस चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *