नगर के कई मुहल्लों में चोरी की अफवाह से दहशत का माहौल
मीरानपुर कटरा -शाहजहांपुर, समृद्धि न्यूज। जलालाबाद राज्यमार्ग पर ग्राम फीलनगर के सामने स्थित देशी शराब की दुकान के अज्ञात चोरों ने ताले तोड़कर दुकान में रखी दो पेटी शराब एवं नकद दो हजार रुपये चोरी कर लिए हैं। शराब विक्रेता ग्राम कबरा हुसैनपुर निवासी विमलेश कुमार ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में कार्रवाई करने की मांग की है। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने जांच पड़ताल कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी हैं। तो वहीं दूसरी ओर ड्रोन की अफवाहों के बीच चोरों की दहशत अब नगर के कई मुहल्लो तक पहुंच गई है। घरों की सुरक्षा के लिए लोग रात भर पहरा दे रहे हैं। हर तरफ रतजगा चल रहा है। युवाओं की टोलियां मुहल्लो में मोर्चे संभाले हुए हैं। इसी कड़ी में बुधवार की रात्रि नगर के मुहल्ला बंगशान, रामनगर कालोनी, इस्लामनगर सहित कई मुहल्लो में चोरों के घुसने की खबर से शोर मच गया। चोरों की खबर फैलते ही लोग घरों के बाहर निकल आए। तत्काल सूचना पर पहुंची पुलिस ने मुहल्लो में गश्त की, लेकिन कहीं कोई चोर नजर नहीं आया। तब कहीं जाकर लोगों ने राहत की साथ ली। थाना प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल ने बताया है कि चोरी की अफवाह की सूचना मिल रही है। पुलिस लगातार पूरी रात थाना क्षेत्र में गश्त कर रही है, और कहीं कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देता है तो अपने थाना पुलिस को तत्काल अवगत कराए।
चोरों ने शराब की दुकान के ताले तोड़कर शराब की पेटी एवं नगदी की चोरी
