लखनऊ के नादर गंज सूटिंग सेंटर में आयोजित प्रतियोगिता में 2023 में जीता था सिल्वर मेडल
दो वर्ष पूर्व लाइसेंस रद्द होने के बाद पहुंचे हाईकोर्ट की मंजूरी के बाद बना लाइसेंस, फिर किया अभ्यास
पुवायां,शाहजहांपुर। पुवायां के बलजीत सिंह ने दिल्ली में आयोजित यूपी स्टेट 50 मीटर राइफल प्रोन पोजीशन प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल जीतकर अपनी तहसील ,जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
दो वर्ष पूर्व तहसील के गांव दियूरिया गोटिया के बलजीत को अभ्यास के लिए राइफल लाइसेंस की जरूरत थी। उन्होंने लाइसेंस के लिए आवेदन किया । तत्कालीन डीएम ने उनका आवेदन स्वीकार नहीं किया। इसके बाद बलजीत को हाईकोर्ट जाना पड़ा। हाईकोर्ट ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्कालीन डीएम के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया। कोर्ट ने एसपी को डीएम की उपस्थिति सुनिश्चित कराने के आदेश भी दिए थे। इसी दौरान डीएम का तबादला हो गया। नए डीएम ने बलजीत को बुलाकर सभी दस्तावेज जांचे और लाइसेंस स्वीकृत कर दिया। इसके बाद बलजीत ने राइफल खरीदकर अभ्यास शुरू किया।
बेटे की सफलता से गौरांवित हुए पिता हरदेव
सिल्वर मेडल जीतने वाले बलजीत दूयूरिया गोटिया निवासी हरदेव सिंह के बेटे हैं। हरदेव सिंह ने बताया कि बेटे ने यूपी स्टेट चैंपियनशिप में कई बार भाग लिया है। लाइसेंस न मिलने के कारण उन्हें किराए पर राइफल लेकर अभ्यास करना पड़ता था। उन्होंने बताया कि बताया कि उन्होंने 2023 में कई बार 0.22 राइफल के लाइसेंस के लिए आवेदन किया था। कई मंत्रियों से भी गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इतनी मुश्किलों के बाद बेटे द्वारा दिल्ली में प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल जीतने पर गर्व महसूस कर रहे हैं।
कोर्ट और डीएम का जताया आभार
तत्कालीन डीएम द्वारा लाइसेंस रद्द किए जाने के बाद भी बलजीत ने हिम्मत नहीं हारी। वह हाईकोर्ट चले गए। जहां से लाइसेंस की मंजूरी मिली ।जिसके बाद नवागत डीएम ने उनका लाइसेंस जारी किया।
बलजीत ने कहा कि उनका आगे भी अभ्यास जारी रहेगा और वह राष्ट्रीय स्तर की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने हाईकोर्ट और शाहजहांपुर में आए नये डीएम का आभार जताया है।
पुवायां के बलजीत ने दिल्ली में जीता दूसरा मेडल
