समृद्धि न्यूज। उत्तरकाशी में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। उत्तरकाशी के धराली में बादल फटने से तबाही मच गई। पहाड़ का मलबा लोगों के घरों में घुस गया। वहीं बादल फटने की घटना से जुड़ी बहुत बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय सेना के एक अधिकारी ने बताया है निचले हर्षिल क्षेत्र में एक शिविर से 8-10 भारतीय सेना के जवान लापता बताए जा रहे हैं। टीमें राहत और बचाव में जुट गई हैं। धामी सरकार ने केंद्र सरकार से मदद के लिए दो हेलीकॉप्टर मांगे हैं।
सेना के जवान लोगों को निकालने में जुटे
सेना के जवान बचाव कार्य में जुटे हैं। सेना ने 20 लोगों को बाहर निकाल लिया है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी बचाव कार्य में जुटी हैं।
सीएम धामी आंध्र प्रदेश से देहरादून पहुंचे
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आंध्र प्रदेश से वापस देहरादून आ गए हैं। उन्होंने आपदा कंट्रोल रूम से हादसे पर जानकारी ली है। अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं।
उत्तरकाशी में बादल फटने की घटना पर ब्रिगेड कमांडर ब्रिगेडियर मंदीप ढिल्लों ने बताया आज धराली गांव में भूस्खलन और हिमस्खलन हुआ। हर्षिल चौकी पर स्थित भारतीय सेना की टुकड़ी सबसे पहले प्रतिक्रिया देने और 10 मिनट के भीतर गांव पहुंचने वाली टुकड़ी थी। बचाव अभियान जारी है। लगभग 20 लोगों को बचा लिया गया है और घायलों का इलाज चल रहा है। इसके कुछ समय बाद भूस्खलन और बादल फटने की घटना ने सेना के शिविर और हमारी बचाव टुकडिय़ों के एक हिस्से को भी अपनी चपेट में ले लिया।
#WATCH | Uttarkashi cloudburst incident | Brigadier Mandeep Dhillon, Brigade Commander, says, "Today, at about 1345 hours, a mudslide and an avalanche struck the Dharali village. The Indian Army column located at Harsil Post was the first to respond and reach the village within… pic.twitter.com/nl8Yb6X7ux
— ANI (@ANI) August 5, 2025
खौफनाक मंजर देख सहमे लोग
उत्तरकाशी का धराली गांव इसलिए भी फेमस है क्योंकि उत्तराखंड के चारधाम की यात्रा के दौरान लोग यहां पर स्टे करते हैं। यह गांव गंगोत्री के करीब है। गांव के बीच से एक नदी निकल रही है जिसमें यह सैलाब आया है और देखते ही देखते करीब 50-60 लोग मलबे में दब गए,् हालांकि और ज्यादा लोगों के फंसे होने की आशंका है, बादल फटने और गांव में सैलाब के आने की यह इस मौसम की सबसे बड़ी घटना है। बताया जा रहा है कि पिछले दो दिन से इस इलाके में भीषण बारिश हो रही थी।
कल विद्यालयों में अवकाश घोषित
धराली में आपदा और मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए कल बुधवार को उत्तरकाशी के विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है।

