मैनपुरी, समृद्धि न्यूज। पड़ोसी युवक ने युवती के साथ दुष्कर्म किया। परिजनों ने युवक को पुलिस को सौंप दिया था, लेकिन पुलिस ने आरोपी युवक को छोड़ दिया था। जिससे क्षुब्ध होकर थाना बेवर क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका की मां ने आरोप लगाया कि बेटी के साथ पड़ोसी युवक ने मंगलवार रात घर में घुसकर दुष्कर्म किया था। इससे आहत बेटी ने आत्महत्या की है। परिजन और ग्रामीणों ने पुलिस का विरोध भी किया। कहा, आरोपी को पुलिस को सौंपा था। मगर, उसे छोड़ दिया गया। मृतका की मां ने बताया कि 24 वर्षीय बेटी मंगलवार रात को घर में अकेली थी। वह विवाहित बेटी के पास कन्नौज गईं थीं। रात करीब 11 बजे पड़ोस का युवक घर में घुस आया। युवती की चीख सुनकर चचेरे भाई ने छत के रास्ते कमरे में जाकर उसे बचाया। उसने आरोपी से हाथापाई भी की, जिसके बाद शोर सुनकर अन्य परिजन और ग्रामीण भी मौके पर आ गए और आरोपी को पकडक़र देर रात ही पुलिस को मौके पर बुलाकर सौंप दिया था। पुलिस ने युवक को रात में पकड़ा, लेकिन सुबह यह कहकर छोड़ दिया कि उसे बुधवार को बुलाया जाएगा। बुधवार सुबह वह घर आईं तो बेटी ने वारदात के बारे में जानकारी दी। इसके बाद वह भैंसों को चारा डालने गईं, तो युवती ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और पंखे के कुंडे से लटककर आत्महत्या कर ली। जिससे क्षेत्र में हडक़ंप मच गया। परिजनों का कहना है कि मृतका की नवम्बर में शादी थी। पुलिस ने जांच का आश्वासन देकर मामले को शांत कराया।
