डीएम ने गंगा में बढ़ रहे जलस्तर को लेकर की बैठक

उन्नाव, समृद्धि न्यूज। पन्नालाल सभागार में जिलाधिकारी गौरांग राठी की अध्यक्षता में क्षेत्र में हुई भारी वर्षा तथा गंगा नदी के जल स्तर में वृद्धि के दृष्टिगत बाढ़ की तैयारियों के सम्बन्ध में बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में गंगा नदी के बढ़ते जल स्तर को देखते हुए जनपद की चार तहसीलों में सदर, सफीपुर, बीघापुर एवं बांगरमऊ में बाढ़ की तैयारियों से सम्बन्धित विस्तृत चर्चा की गयी। जनपद की समस्त चार तहसीलों में कुल 33 बाढ़ चैकियो को बनाया गया है, जिसमें सदर तहसील में 7, सफीपुर में 10, बीघापुर में 06 एवं बांगरमऊ तहसील में 10 बाढ़ चैकियां बनाई गयी है। इसी प्रकार चारो तहसीलों में कुल 274 नावों एवं 274 नाविकों को तैनात किया गया है, जिसमें सदर तहसील में 185, सफीपुर में 27, बीघापुर में 21 तथा बांगरमऊ तहसील में 42 नावों एवं नाविकों को तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य विभाग, पशु विभाग, शिक्षा विभाग, सिंचाई विभाग, पीडब्ल्यूडी विभाग एवं पूर्ति विभाग सहित सम्बन्धित समस्त विभागों को अपने अपने दायित्वों के प्रति निर्देशित किया गया है। उन्होने बताया कि विगत वर्ष 2024-25 में 132 गाॅव बाढ़ से प्रभावित हुए थे। जिसमें सदर तहसील के 46, सफीपुर के13, बीघापुर के 25 एवं बांगरमऊ तहसील के 48 गाॅव बाढ़ से प्रभावित हुए थे।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि गंगा नदी के बढ़ते जल स्तर एवं लगातार हो रही बारिश के दृष्टिगत जनपद के बाढ़ प्रभावित इलाको में रहने वाले ग्रामीणों एवं पशुओं को सुरक्षित स्थान एवं उनसे सम्बन्धित सुविधाओं हेतु समस्त तैयारियां पूर्ण कर ले। उन्होने कहा कि बाढ प्रभावित नागरिकों के परिवारों हेतु आटा, चावल, दाल, नमक आलू, तेल, मसाले, चाय पत्ती, मोमबत्ती इत्यादि की राहत सामग्री किट तैयार रखें। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तैनात समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी गण निरन्तर अपने अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहे। इस कार्य में लापरवाही क्षम्य नही होगी। उन्होने बाढ़ से सम्बन्धित कन्ट्रोलरूम नम्बर 0515-2970766 एवं 2970767 तथा टोल फ्री नम्बर 1077 को समस्त बाढ़ क्षेत्र के गाॅवों एवं बाढ़ चैकियों पर प्रसारित करने के लिए निर्देशित किया। उन्होने मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ0 सत्य प्रकाश को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में डाॅक्टर, दवाईयां तथा एम्बुलेन्स की उपलब्धता सुनिश्चित करे। उन्होनेे कहा कि प्रशासन स्थिति पर लगातार निगरानी रख रहा है एवं आवश्यकतानुसार आगे भी राहत कार्य जारी रखा जाएगा ।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सुशील कुमार गोंड़, अपर पुलिस अधीक्षक प्रेम चन्द्र, उप जिलाधिकारी सदर क्षितिज द्विवेदी,अधिशासी अभियन्ता पीडब्ल्यूडी हरदयाल अहिरवार एवं सुबोध कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संगीता सिंह, अधिशासी अभियन्ता जल निगम ग्रामीण अजीत कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा0 महावीर प्रसाद, उप निदेशक कृषि रवि चन्द्र प्रकाश सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *