समृद्धि न्यूज। राजस्थान में बुधवार सुबह सालासर बालाजी मंदिर से लौटते समय हुए भीषण सडक़ हादसे में बच्चों समेत 11 लोगों की मौत होने की खबर है। हादसे में 20 लोग घायल भी हुए हैं।
सभी श्रद्धालु खाटूश्यामजी और सालासर बालाजी के दर्शन कर घर लौट रहे थे। हादसा वापी थाना क्षेत्र में रात साढ़े 3 से 4 बजे के बीच हुआ। कंटेनर से टक्कर होने की वजह से 11 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में सात बच्चे और तीन महिलाएं शामिल हैं। दुर्घटना में घायल हुए कई लोगों की हालत गंभीर है, ऐसे में मृतकों का आंकड़ा बढऩे की आशंका है। सभी घायलों को दौसा से जयपुर के एसएमएस अस्पताल में ले जाया जा चुका है। दौसा कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने बताया कि जिन यात्रियों की दुर्घटना में मृत्यु हुई है वे खाटूश्याम जी और सालासर बालाजी के दर्शन करने के बाद यूपी की तरफ जा रहे थे। उन्होंने कहा कि एक पैसेंजर ट्रक में ये सारे यात्री आ रहे थे और एक ट्रेलर से इनकी टक्कर हुई थी।
चश्मदीदों ने क्या बताया
चश्मदीदों की मानें तो हादसा इतना दर्दनाक था कि पिकअप गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। हमें जोरदार धमाके सी आवाज आई। फिर अचानक चीख पुकार मच गई। हमने देखा कि पिकअप और ट्रक की जोरदार टक्कर हुई है। वहां लोग चीख रहे थे। मदद की गुहार लगा रहे थे। हमने बिना देर किए पुलिस को सूचना दी। फिर पिकअप में फंसे लोगों को निकालने में भी पुलिस की मदद की। उसके बाद एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। ये सभी यूपी के एटा जिले के असरौला के बताए जा रहे हैं।
सीएम ने दुख जताया
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ट्वीट करके हादसे पर दुख जाताया है। उन्होंने कहा दौसा में भीषण सडक़ हादसे में जनहानि का समाचार अत्यंत दुरूखद है। जिला प्रशासन को घायलों का त्वरित एवं समुचित उपचार सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान दें व घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
