रामगंगा किनारे झाडिय़ों में मिली नवजात बच्ची, इलाज के दौरान मौत

अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। थाना राजेपुर क्षेत्र के डबरी तिराहा के पास बुधवार को झाडिय़ों में एक नवजात बच्ची मिली। बच्ची के चेहरे पर चींटियां लगी हुई थीं और वह जोर-जोर से रो रही थी। स्थानीय किसान वीरपाल ने मासूम की आवाज सुनकर उसे देखा और तत्काल अपने घर ले आए। इसके बाद उन्होंने थानाध्यक्ष राजेपुर को घटना की सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक उपचार के बाद उसे एसएनबीयू वार्ड में भर्ती कराया गया और बाद में जिला लोहिया अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि उपचार के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया। अस्पताल प्रशासन ने बच्ची के शव को मोर्चरी में रखवा दिया। मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक आशुतोष ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा संबंधित विभागों को सूचना दी गई है। स्थानीय लोग इस घटना से गहरे आक्रोश और दु:ख में हैं। उनका कहना है कि नवजात को यूं झाडिय़ों में फेंकना अमानवीय कृत्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *