बाढ़ से बेहाल गंगापार: खुले में हो रहे अंतिम संस्कार पर भावुक हुए विकास राजपूत

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जिले में आई बाढ़ की विभीषिका ने गंगापार क्षेत्र के लोगों को गहरी कठिनाई में डाल दिया है। भाजपा नेता विकास राजपूत ने शुक्रवार को पांचाल घाट का दौरा किया। जहां उन्होंने देखा कि बाढ़ के कारण लोग मजबूर होकर सडक़ों पर खुले में शवों का अंतिम संस्कार कर रहे हैं। इस दृश्य को देखकर वे भावुक हो उठे।

विकास राजपूत ने हमारे संवाददाता से बातचीत में कहा कि आज़ादी के 78 वर्ष बाद भी गंगापार की बड़ी आबादी के लिए स्थायी अन्त्योष्टि स्थल उपलब्ध नहीं है। यह स्थिति बेहद चिंताजनक और पीड़ादायक है।
उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जिला प्रशासन ने गंगा के एक किनारे पर अन्त्योष्टि स्थलों के शेड बनाए हैं, लेकिन दूसरी ओर की बड़ी आबादी आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। बाढ़ के दिनों में लोगों को खुले में शव जलाने की विवशता कलयुग की पराकाष्ठा है।

भाजपा नेता ने सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि गंगा के दूसरी ओर भी पक्के अन्त्योष्टि स्थल और शेड का निर्माण तत्काल कराया जाए, ताकि गंगापार के लोग बरसात और बाढ़ के समय खुले में अपने परिजनों का अंतिम संस्कार करने को मजबूर न हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *