होशियारपुर में एलपीजी टैंकर में ब्लास्ट, कई घर-दुकानें जलीं, 2 लोगों की मौत, 20 लोग अस्पताल में भर्ती

समृद्धि न्यूज। पंजाब के होशियारपुर-जालंधर मार्ग पर शुक्रवार रात एक एलपीजी टैंकर में आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि आग तेजी से फैल गई और मंडियाला अड्डा क्षेत्र के आसपास लगभग 15 दुकानों और चार से पांच आवासीय घरों को अपनी चपेट में ले लिया।

उपायुक्त आशिका जैन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मलिक मौके पर पहुंचे और बचाव कार्यों का निरीक्षण किया। जैन ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि टैंकर में किसी अन्य वाहन से टकराने के बाद आग लगी। उन्होंने कहा कि दमकल की गाडिय़ां और एम्बुलेंस तुरंत मौके पर पहुंच गईं। उन्होंने कहा कि आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है। स्थिति पूरी तरह से स्थिर होने के बाद दुर्घटना के कारण और नुकसान की सीमा का विस्तृत आकलन किया जाएगा। सिविल सर्जन पवन कुमार ने बताया कि होशियारपुर सिविल अस्पताल में दो लोगों को मृत लाया गया, जबकि 18 से 20 घायलों को भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से जलने से घायल पांच से छह मरीजों को दूसरे चिकित्सा संस्थान में रेफर किया गया है।

मंडियाला गांव में आग लगने की घटना स्थल पर पंजाब के मंत्री रवजोत सिंह पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि स्थिति ऐसी है कि उसे बयान नहीं किया जा सकता, बहुत दुखद हादसा हुआ है, अभी तक पता नहीं चल पाया है कि कितने लोग लापता हैं। लोग कह रहे हैं कि एक टैंकर ने एक कार को टक्कर मार दी, जिसके बाद गैस लीक होने से धमाका हुआ, आग काफी फैल गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *