बाढ़ के पानी में डूबे बालक का झील में उतराता मिला शव

अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। अमृतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम करनपुर दत्त में शुक्रवार को खेलते-खेलते एक मासूम डूब गया था। जिसकी परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। शनिवार सुबह बालक का शव बाढ़ के पानी में उतराता मिला। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के करनपुर दत्त निवासी रामरतन का 8 वर्षीय पुत्र हिमांशु शुक्रवार दोपहर करीब ३ बजे अपने साथी बच्चे अमन और रमन के साथ खेलने गया था। देर शाम तक जब हिमांशु घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इस दौरान साथी बच्चों ने बताया कि हिमांशु के हाथों पर डामर लगा था। उसने हाथ धोने के लिए गांव किनारे बने चफारि झील की तरफ गया था। इन दिनों गंगा और रामगंगा में आई बाढ़ से झील में पानी का स्तर काफी बढ़ा हुआ है। हाथ धोते समय हिमांशु गहरे पानी में चला गया और डूब गया। परिजनों ने ग्रामीणों व गोताखोरों की मदद से काफी तलाश करायी, लेकिन उसका शव बरामद नहीं हुआ। शनिवार सुबह करीब 10 बजे हिमांशु का शव चफारि झील में उतराता मिला। शव मिलने की सूचना पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने बताया कि मृतक हिमांशु अपने भाइयों सचिन, प्रांशु और बहन विनीता से छोटा था। मां रामकली सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की। चौकी इंचार्ज दरोगा विमल कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। थाना अध्यक्ष मोनू शाक्य ने कहा कि मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *