सचिव ने बैठक को किया स्थगित
कम्पिल, समृद्धि न्यूज। कोटा चयन की रूपरेखा बनाने के दौरान दो पक्षों में नोंकझोंक हो गई। विवाद बढ़ता देख ग्राम विकास अधिकारी ने बैठक को निरस्त कर दिया।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव भागीपुर उमराह में सोमवार दोपहर ग्राम पंचायत सचिव की उपस्थिति में कोटा चयन की प्रथम प्रकिया की रूप रेखा की खुली बैठक गांव में रखी गई थी। जिसके लिए सैकड़ों ग्रामीण इक_े हुए थे। बैठक के दौरान ग्राम प्रधान मीरा देवी उपस्थित नहीं हो सकी। ग्राम प्रधान की अनुपस्थिति पर ग्रामीणों ने विरोध किया। इसी दौरान प्रधान पति वीरेंद्र यादव से ग्रामीण नोंकझोंक होने लगी। विवाद बढ़ता देख सचिव विजय शंकर राजपूत ने दोनों पक्षों को समझकर शांत करा दिया। उन्होंने उच्चाधिकारियों के अगले निर्देश तक बैठक को स्थगित कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार पूर्व में राशन की दुकान रामलड़ैते शाक्य के पास थी। स्वास्थ्य व मानसिक रूप से परेशान होने पर उन्होंने लगभग आठ माह पूर्व इस्तीफा दे दिया था। उक्त राशन की दुकान को पड़ोसी गांव होतेपुर से जोड़ दिया गया था। काफी समय से ग्रामीणों को राशन दूर लेने जाने में दिक्कत हो रही थी। ग्रामीणों ने जिला पूर्ति अधिकारी को राशन की दुकान के चयन हेतु आवेदन किया था। सचिव विजय शंकर राजपूत ने बताया विवाद के शांत होने तक चयन प्रकिया स्थगित कर दी गई है।
कोटा चयन की रुपरेखा हेतु रखी गयी बैठक में दो पक्ष भिड़े
