फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। उर्वरक वितरण में मनमानी के चलते प्रादेशिक कोआपरेटिव फेडरेशन (पीसीएफ ) के जिला प्रबंधक विपिन कुमार को निलंबित कर दिया गया। उन पर आरोप है समितियों से धनराशि मिलने के बावजूद खाद नहीं भेजी गई।
फर्रुखाबाद स्थित सातनपुर मंडी में आलू विकास संघ से ७ अगस्त को तीन लाख 31 हजार 200 रुपये भेजने के बावजूद पीसीएफ से 21 अगस्त तक खाद की आपूर्ति नहीं की गई। जिसकी जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी से की गई थी। जिसके बाद डीएम ने एडीएम न्यायिक की अध्यक्षता में जिला कृषि अधिकारी व एआर कोऑपरेटिव की तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर जांच करने के निर्देश दिये थे। जांच के दौरान 12 दिन विलंब से खाद की आपूर्ति किए जाने की पुष्टि हुई। वहीं दूसरी ओर शमसाबाद समिति से 13 लाख 17 हजार 275 रुपये भुगतान के पांच दिन बाद भी पूरी खाद नहीं भेजी गई। अन्य सहकारी समितियों पर खाद की आपूर्ति में मनमानी करने के मामले में जिलाधिकारी ने शासन को रिपोर्ट भेज दी। पीसीएफ प्रबंध निदेशक डॉ0 चंद्रभूषण ने पीसीएफ जिला प्रबंधक विपिन कुमार को निलंबित कर दिया है। उन्हें जनपद मेरठ से संबद्ध कर दिया गया। उन्होंने अयोध्या के क्षेत्रीय प्रबंधक को जांच अधिकारी नामित कर आरोप पत्र प्रस्तुत करने के आदेश दिए।
