फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। करीब तेरह दिन बीत जाने के बाद भी युवक अवधेश का कोई सुराग नहीं लगा है। पीडि़त परिजनों ने पुलिस से पुन: गुहार लगायी है।
जानकारी के अनुसार पीडि़ता अनीता देवी पत्नी अवधेश कुमार कठेरिया निवासिनी छोटा फतेहपुर कुबेरपुर घाट थाना मऊदरवाजा ने थाना मऊदरवाजा पुलिस को दिये गये प्रार्थना पत्र में कहा कि दिनांक 13.08.2025 को दोपहर अचानक मेरे पति अवधेश कुमार पुत्र रामपाल गायब हो गये थे। काफी ढूंढने के बावजूद भी वह नहीं मिले। तब पीडि़ता द्वारा दिनांक 16.08.2025 को थाना मऊदरवाजा पर अपने पति की गुमशुदगी दर्ज कराने हेतु प्रार्थना पत्र दिया था। बाद में पीडि़ता को गांव के कुछ व्यक्तियों से ज्ञात हुआ कि पीडि़ता के पति अवधेश कुमार को गांव के ही राजेश राजपूत पुत्र दुर्विजय व उसके मामा सुरेन्द्र सिंह पुत्र बालकराम निवासी ग्राम बीघापुर थाना मिर्जापुर जनपद शाहजहांपुर जो रक्षाबंधन पर गांव में ही राजेश राजपूत के यहां आया हुआ था, जो एक षडयंत्र के तहत रंजिश के चलते उसकी हत्या करने के उद्देश्य से बुला ले गये थे और एक साथ शराब पीने के बहाने से पीडि़ता के पति को गायब कर दिया। जानकारी होने पर पीडि़ता ने थाने में पुलिस को सूचना दी, तो पुलिस द्वारा सुरेन्द्र सिंह को थाने पर बुलवाया गया, किन्तु राजेश फरार हो गया। उक्त सुरेन्द्र सिंह पर पुलिस ने दबाव बनाकर जब पूछताछ की, तो सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि उसने अपने भान्जे राजेश राजपूत के साथ मिलकर अवधेश कुमार को शराब पिलाकर हंसी नगला पुलिया के पास गंगा नदी में डुबाकर हत्या करने की बात कबूली। उक्त सुरेन्द्र अभी भी थाने में पुलिस की अभिरक्षा में है। घटना के 1३ दिन बीत जाने के उपरान्त भी पुलिस द्वारा अभी तक न तो पीडि़ता के पति के शव को बरामद किया गया है और न ही राजेश राजपूत को गिरफ्तार किया गया और न ही अभी तक पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस की सांठगांठ से अपराधी राजेश राजपूत फरार है। राजेश राजपूत के द्वारा पीडि़ता के परिवार पर दबाव बनाया जा रहा है और उक्त राजेश राजपूत पीडि़ता व उसके परिवार को जातिसूचक गन्दी-गन्दी गालियां देता है।
पुलिस ने ड्रोन कैमरा व पानी में उतरकर अवधेश को खोजा
ग्राम कुबेरपुर घाट में गंगा नदी के बाढ़ के पानी में डीजेआई कम्पनी के हाईं डेफिनेशन वाले ड्रोन कैमरा की मदद से व नाव पर सवार होकर भिन्न-भिन्न संभावित स्थानों पर पुलिस ने स्वयं पानी मे उतरकर तैरकर घंटो तक गुमशुदा अवधेश पुत्र रामपाल की तलाश की। समाचार लिखे जाने तक अवधेश का कोई पता नहीं लग सका था। वहीं पुलिस का कहना था कि तलाश जारी है। शीघ्र ही अवधेश की तलाश की जायेगी।
