सेंट एंथोनी चैरिटी क्लब द्वारा बाढ़ पीडि़तों को बांटी राहत सामग्री

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। सेंट एंथोनी सीनियर सेकेंडरी स्कूल फतेहगढ़ के सेंट एंथोनी चैरिटी क्लब द्वारा बाढ़ पीडि़तों की सहायता हेतु मदद भेजी गई। जिसमें गेहूं का आटा, आलू, प्याज, सरसों का तेल, चीनी, चाय की पत्ती, नमक, ब्रेड के पैकेट, साबुन, बिस्कुट के पैकेट इत्यादि सामानों की किट बनाकर बाढ़ पीडि़त ग्राम भुसेरा, भरका पट्टी व जसूपुर के ग्रामीणों को वितरित की गई। वितरण के दौरान ग्राम प्रधान गजेंद्र सिंह चौहान के द्वारा विशेष सहयोग किया गया।
प्रधानाचार्य फादर जॉबी जॉर्ज ने बताया कि बाढ़ पीडि़तों की सहायता के लिए विद्यालय के शिक्षकों, बच्चों व अभिभावकों के द्वारा आर्थिक सहयोग के साथ विभिन्न खाद्य सामग्री भी उपलब्ध कराई गई थी। बाढ़ पीडि़तों ग्रामीण क्षेत्र में किट पहुंचाने तथा वितरण करने के लिए विद्यालय के स्टाफ लीजू, सेबेस्टियन जॉर्ज, अवनींद्र कुमार, रजनीश मिश्रा, हीरालाल, जोगेंद्र इत्यादि ने सहयोग किया। प्रधानाचार्य ने यह भी बताया बाढ़ के पानी को समाप्त होने के बाद एक चिकित्सीय कैंप भी सेंट एंथोनी चैरिटी क्लब द्वारा लगाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *