रोडबेज बसों की आमने सामने भिड़ंत में आधा दर्जन सवारियां घायल

 करीब एक सैकड़ा के आयीं हल्की फुल्की चोटें, घटना से अफरा-तफरी
कायमगंज, समृद्धि न्यूज। रोडवेज बसों की आमने-सामने भिड़ंत में सवारियों में अफरा तफरी मच गयी। इस दौरान आधा दर्जन सवारियों के अधिक चोटें आयी हैं, जबकि करीब एक सैकड़ा के हल्की फुल्की चोटें आयी हैं। करीब पांच मरीजों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। वहीं सवारियों को दूसरी बसों से उनके गंतव्य तक रवाना किया गया।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह लगभग 7:00 बजे एटा रोडवेज बस संख्या यूपी 78जे टी8472 एवं फर्रुखाबाद से चलकर दिल्ली जाने वाली रोडवेज बस संख्या यूपी 76 टी 5967 की कायमगंज फर्रुखाबाद मार्ग स्थित बेरिया मोड़ पर आमने-सामने भिड़ंत हो गई। घटना से सवारियों में अफरा तफरी मच गयी। आसपास के लोग दौडक़र मौके पर पहुंचे और घायलों को बस से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। बताया गया है कि फर्रुखाबाद से चलकर दिल्ली जाने वाली रोडवेज बस का चालक काफी तेज बस को ले जा रहा था। बेरिया मोड़ पर असंतुलित होकर सामने से आ रही एटा डिपो से जाकर भिड़ गया। जिससे दोनों बसों में बैठी सवारियों में अफरा-तफरी मच गयी। लोग इधर-उधर भागने लगे। एटा डिपो के चालक मोहन सिंह पुत्र रामबाबू निवासी सैलार जिला एटा एवं परिचालक आदेश कुमार पुत्र चंद्रपाल सिंह निवासी छिबरामऊ गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया है। वहीं फर्रुखाबाद डिपो के चालक अतुल निवासी जैथरा के भी चोटें आई हैं। वहीं इसका चालक मौके से भाग गया। अस्पताल पहुंचे दीपक पुत्र वीरेंद्र कुमार निवासी नगला नान थाना शमशाबाद, वीरेंद्र कुमार पुत्र गोवर्धन निवासी नगला नान शमशाबाद, अंजलि श्रीवास्तव पत्नी रणजीत सिंह निवासी उखरा जसमई दरवाजा फर्रुखाबाद जो दवा लेने के लिए आगरा जा रही थी, घायल हो गई। अंजलि ने बताया की वह जसमई दरवाजे से रोडवेज बस में बैठी थी। उसका चालक काफी तेज गाड़ी चला रहा था। वहीं रवीश कुमार पुत्र नरसिंह निवासी ग्राम घटौसा थाना अल्लाहगंज शाहजहांपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा पुष्पेंद्र सिंह पुत्र चंद्र प्रकाश निवासी नगला सेठ थाना शमशाबाद भी घायल हुए हैं। वहीं करीब 50 से 100 सवारियों को हल्की फुल्की चोटें आर्इं हैं। घटना की सूचना पर पहुंची डायल 112 एवं कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। इन पांच लोगों का इलाज सरकारी अस्पताल में चल रहा है। इधर सवारिया दूसरी बसों में बैठकर अपने-अपने घरों को रवाना हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *