राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार के पत्र का रेलमंत्री ने लिया संज्ञान

केरूगंज से शाहबाजनगर के मध्य परित्यक्त पड़ी रेलवे लाइन के स्थान पर रोड बनाने की अनुमति के लिए रेलमंत्री ने निदेशालय को जांच के दिए निर्देश

शाहजहांपुर, समृद्धि न्यूज। सांसद राज्यसभा मिथिलेश कुमार कठेरिया ने रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव को पूर्व में भेंट कर केरूगंज से शाहबाजनगर के मध्य परित्यक्त पड़ी रेल लाइन के स्थान पर रोड बनाने की अनुमति के संबंध में पत्र दिया था। भेंट के दौरान सांसद राज्यसभा मिथिलेश कुमार कठेरिया ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र देते हुए अवगत कराया था कि केरूगंज से शाहबाजनगर तक लगभग 8 किलोमीटर रेलवे लाइन पिछले 50 वर्षों से पूर्ण रूप से परित्यक्त है। भविष्य में भी ऐसी कोई संभावना नहीं है कि इस रूट पर कोई भी रेल अथवा रेल के उपयोग हेतु किसी प्रकार से इस भूमि का प्रयोग संभव हो सकेगा। बढ़ती आबादी और बढ़ते परिवहन के साधनों को देखते हुए जनपद शाहजहांपुर में जाम की समस्या बनी रहती है। यदि केरूगंज से शाहबाजनगर रेल मार्ग पर जहां पटरी पूरी तरह से उखड़ चुकी है, पर रोड बनाने की अनुमति मिल जाए (इस मार्ग का स्वामित्व रेल विभाग एन ई आर का ही रहे) तभी जाम की समस्या से निजात मिल सकती है। सांसद राज्यसभा मिथिलेश कुमार कठेरिया के पत्र का संज्ञान लेते हुए रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव ने केरूगंज से शाहबाजनगर तक परित्यक्त पड़ी रेलवे लाइन के स्थान पर रोड बनाने की अनुमति दिए जाने की विस्तृत जांच के लिए संबंधित निदेशालय को निर्देशित कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *