साली से शादी की जिद पर पत्नी से विवाद, साली के आश्वासन पर उतरा नीचे
कन्नौज, समृद्धि न्यूज। एक गांव में एक युवक ने अपनी साली से शादी की जिद पर अड़ गया और ऐसा कदम उठा लिया, जिसने पूरे गांव को हैरानी में डाल दिया। युवक ने खेत में लगे बिजली के टावर पर चढक़र साली से शादी की मांग रखी और नीचे कूदने की धमकी देने लगा। जब लोगों को पता चला तो भारी भीड़ उसे नीचे उतारने की कोशिश में जुट गई।
क्षेत्र के ग्राम कल्यानपुर निवासी 22 वर्षीय नवल किशोर सक्सेना पुत्र लालमन सक्सेना गुरुवार की सुबह नौ बजे ग्राम रसूलपुर में खेतों के बीच में लगे एचटी लाइन के टावर पर चढ़ गया। वह टावर पर सबसे ऊपर जाकर बैठ गया। नवल किशोर की वीरूगीरी को देख मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पाकर पत्नी सपना भी एक वर्ष की बच्ची को गोद में लेकर मौके पर पहुंच गई। उसने बताया कि पति उसकी छोटी व नाबालिग बहन से शादी करना चाहते हैं, जिसको लेकर सुबह ही उसका पति से विवाद हुआ था।
जिसके बाद पति घर से निकल आया। पति की जिद के चलते उसकी साली को मौके पर बुलाया गया। साली के आश्वासन के बाद वह लगभग छह घंटे बाद टावर से नीचे उतर आया। नवल किशोर की ससुराल पास ही है। उसके घर से ससुराल की दूरी करीब आठ किलोमीटर है। अक्सर वह ससुराल आता जाता है। आने जाने के दौरान आशिक मिजाज जीजा का दिल दूसरी साली पर आ गया। युवक नवल किशोर ने दूसरी साली से शादी का प्रस्ताव ससुराल वालों के सामने रखा। उसके प्रस्ताव को ससुराल वालों ने मना कर दिया। इसके बाद युवक घर से गुस्सा होकर चला गया और खेत में लगे एक हाईटेंशन लाइन पर चढ़ गया। उसके बाद युवक जोर जोर से चिल्लाने लगा कि मेरी शादी साली से कराओ नहीं तो कूद जाऊंगा। युवक के हाईटेंशन लाइन पर चढऩे की जानकारी होते ही गांव में अफरा-तफरेी मच गई। युवक को देखने के लिए भीड़ जुट गई। पुलिस युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। जहां से उसका उपचार कराने के बाद कोतवाली ले आई।
