विधायक, सांसद और जिला अध्यक्ष भी पहुंचे जिला प्रशासन से मिलने
डीएम बोलेे सौहार्द बिगाडऩे वालों के खिलाफ की जायेगी कठोर कार्यवाही
कमालगंज, समृद्धि न्यूज। गणेश महोत्सव को लेकर कस्बे में विवाद की आशंका जताई जा रही है। श्री गणेश सेवा समिति कमालगंज ने जिलाधिकारी को पत्र देकर अवगत कराया कि कस्बे में धूमधाम से आयोजित हो रहे गणेश महोत्सव में असामाजिक तत्व माहौल बिगाडऩे की कोशिश कर रहे हैं। समिति ने पत्र में तीन प्रमुख बिंदु उठाए हैं, जिसमें थाना अध्यक्ष राजीव कुमार पर आरोप लगाया गया कि उन्होंने समिति को किसी प्रकार का सहयोग नहीं दिया और आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था की अनदेखी की। कस्बे में कुछ असामाजिक तत्व धार्मिक कार्यक्रमों में बाधा डाल रहे हैं। सोशल मीडिया पर भडक़ाऊ पोस्ट डालकर माहौल बिगाडऩे की कोशिश की जा रही है। जिससे साम्प्रदायिक तनाव फैलने की संभावना है। समिति की इस शिकायत में जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। इस दौरान विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, सांसद मुकेश राजपूत और भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा भी समिति के साथ मौजूद रहे और उन्होंने प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग की।समिति व जनप्रतिनिधियों ने मांग की है कि महोत्सव के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की जाए और माहौल बिगाडऩे वाले तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाए। जिस पर जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी द्वारा गणेश सेवा समिति को आश्वासन दिया गया कि कार्यक्रम में किसी भी तरीके का कोई भी विघ्न नहीं डाल पाएगा एवं समाज में सौहार्द बिगडऩे वालों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई करके उन्हें जेल की हवा खिलाई जाएगी। इस दौरान गणेश सेवा समिति के उपाध्यक्ष सतीश चंद्र, कोषाध्यक्ष सौरभ चौरसिया, अनुभव गुप्ता, शिव कुमार गोयल, राघव शुक्ला, महेंद्र पाठक, प्रबल वर्मा आदि लोग मौजूद रहे।
गणेश महोत्सव पर विवाद की आशंका, समिति ने थाना अध्यक्ष पर लगाए आरोप
