फर्रुखाबाद: सीबीआई ने रिश्वत लेते यूपी ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक सहित दो लोगों को किया गिरफ्तार

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने संकिसा शाखा, यूपी ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक और एक निजी व्यक्ति को शिकायतकर्ता से 30,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपियों में यूपी ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक नारायण सिंह सोलंकी और चंदन (निजी व्यक्ति) शामिल हैं। एजेंसी के अनुसार, उसने सितंबर में उक्त आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। आरोप है कि आरोपी शाखा प्रबंधक ने शिकायतकर्ता की केसीसी ऋण सीमा 2,40,000 रुपये से बढ़ाकर 6,00,000 रुपये करने के लिए आरोपी निजी व्यक्ति के माध्यम से शिकायतकर्ता से 30,000 रुपये का अनुचित लाभ मांगा था।
जानकारी के मुताबिक, मेरापुर थाने के गांव पमरखिरिया निवासी छेदालाल यादव का संकिसा स्थित उप्र ग्रामीण बैंक में 2,40 लाख रुपये का केसीसी बना था। वह उसकी लिमिट छह लाख कराने के लिए बैंक प्रबंधक नारायण सिंह सोलंकी से मिले। क्षेत्र के गांव भाननगर निवासी बैंक मित्र चंदन के माध्यम से छेदालाल से 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। बैंक के जिम्मेदार उन्हें टहला रहे थे।

पीडि़त ने सीबीआई से की थी शिकायत

दोनों के उत्पीडऩ से परेशान होकर छेदालाल ने सीबीआई से सम्पर्क किया और सभी साक्ष्य लेने के बाद सीबीआई ने नौ सितंबर को मामला अपने यहां दर्ज कर लिया था। बुधवार दोपहर 12 बजे से करीब 15 सदस्यीय टीम ने बैंक के आसपास जाल बिछा दिया और बैंक के अंदर गेट और बाहर अधिकारी निगरानी करने लगे। शाम के समय सीबीआई के तकनीकी अफसरों की देखरेख में छेदालाल से बैंक कर्मी को फोन कराया गया और बातचीत की रिकॉर्डिंग होने के बाद छेदालाल बैंक गए।

30 हजार रुपये रिश्वत लेते दोनों गिरफ्तार

सीबीआई के अफसरों ने 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते बैंक प्रबंधक नारायण सिंह सोलंकी और बैंक मित्र चंदन को गिरफ्तार कर लिया। सूचना मिलते ही क्षेत्रीय प्रबंधक समेत बैंक के कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। देर रात तक मौके पर जांच पड़ताल चल रही।दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *