लखनऊ, समृद्धि न्यूज। काकोरी क्षेत्र में हरदोई रोड पर एक रोडवेज बस पलट गई। इस घटना में पांच लोगों की मौत हो गई है और कई यात्री घायल बताए जा रहे हैं। सीएम योगी ने घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। राजधानी लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र के गोला कुआं रोड पर गुरुवार रात एक रोडवेज बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में पांच यात्रियों की मौके पर मौत हो गई। वहीं कई गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही काकोरी थाने की पुलिस टीम पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
हरदोई जिले से कैसरबाग बस डिपो की रोडवेज बस लखनऊ आ रही थी। काकोरी थाना क्षेत्र के गोला कुआं रोड पर बस के सामने अचानक से दो बाइक सवार आ गए। बाइक सवारों को बचाने के चक्कर में बस नीचे गहरी खाई में गिर गई। बस के खाई में गिरते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसा देख स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने हादसे की सूचना पुलिस को दी और खुद राहत बचाव कार्य में जुट गए। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर लखनऊ डीएम विशाल, पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र सेंगर, जॉइंट सीपी ला एंड ऑर्डर बबलू कुमार और मंडलायुक्त रोशन जैकब भी पहुंचीं। पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र सेंगर ने बताया कि घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी घायलों को बाहर निकाला गया और पास के सीएचसी अस्पताल भेजा गया।
मृतकों में
बालुराम, नंदेव, हैदरगंज निवासी संजीव कुमार
आलमनगर निवासी अरविंद कुमार व दिलशाद शामिल हैं।
घायलों में
इरशाद निवासी दुबग्गा,
अरविंद कुमार निवासी आलमबाग,
संजय पाल निवासी दुगोली काकोरी,
शोहेल अहमद निवासी गढ़ी कनौरा आलमबाग,
अनिल निवासी श्रृंगार नगर आलमबाग,
शुभजीत मुखर्जी निवासी रजनीखंड गोमती नगर,
राकेश कुमार निवासी इंदिरा नगर,
लवकुश हुलास खेड़ा मोहनलालगंज,
भरत कुमार त्रिवेणी नगर,
संजीव प्रकाश न्यू हैदरगंज,
दुर्गेश रजनीखंड,
बसंत देवी बालाजी निवासी हरदोई,
दिनेश गुप्ता निवासी बीच का खेड़ा कठवारा
